-नगर निगम ने शहर के प्रमुख मार्गों और आंतरिक वार्डों में चलाया विशेष अभियान
-कूड़ा हटाने के साथ-साथ गलियों और सार्वजनिक स्थलों को सजाया, इंटरलॉकिंग, गमले और बेंच लगाई गईं
-नगर आयुक्त की अपील: अपने वार्डों और घरों को साफ-सुथरा रखें, सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा डालने वालों पर कार्रवाई
-वार्डों में घरों के पीछे और आंतरिक गलियों का सौंदर्यकरण कर शहरवासियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित
-क्षेत्रीय पार्षदों का सहयोग, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन से सफाई अभियान और तेज गति से आगे बढ़ा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महापर्व दीपावली से पहले गाजियाबाद नगर निगम ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए वृहद सफाई और सौंदर्यकरण अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान में नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग विशेष रूप से सक्रिय है और शहर के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ आंतरिक वार्डों की भी सफाई सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के तहत कूड़ा फेंकने के लिए उपयोग किए जा रहे अव्यवस्थित स्थानों को समाप्त कर वहां इंटरलॉकिंग, गमले और बेंच लगाकर सार्वजनिक स्थलों को सुन्दर रूप दिया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश ने बताया कि घरों से निकलने वाले कूड़े को डोर-टू-डोर कलेक्शन वाहन एकत्र कर रहे हैं और जहां कहीं भी कूड़ा दिखाई देता है, उसे हटाकर सौंदर्यकरण किया जा रहा है।
विशेष ध्यान आंतरिक वार्डों पर दिया गया है। सोमवार को वार्ड संख्या 84 राजनगर, 9 पटेल नगर मुकुंद नगर, 4 विजयनगर, 14 सेक्टर 9 विजय नगर, 85 राजेंद्र नगर, 88 गांधीनगर, 83 श्याम पार्क मोहन नगर, 9 शिब्बनपूरा और 62 कवि नगर हरसाव में सफाई अभियान के तहत केवल कूड़ा हटाया ही नहीं गया बल्कि गलियों को पेंटिंग और सजावट के माध्यम से आकर्षक बनाया गया। वसुंधरा क्षेत्र के वार्ड संख्या 79 अभय खंड, 81 शक्ति खंड, 40 साहिबाबाद डिपो और 79 न्याय खंड मकनपुर विस्तार में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे केवल अपने घरों को स्वच्छ न रखें बल्कि पूरे वार्ड और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ और सुंदर बनाएँ। उन्होंने चेताया कि सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना लगाया जाएगा। इस अभियान में क्षेत्रीय पार्षदों ने भी विशेष सहयोग दिया है, जिससे सफाई और सौंदर्यकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, गलियों और वार्डों का सजावट कार्य, इंटरलॉकिंग, गमलों और बेंचों की स्थापना से शहर का स्वरूप पूरी तरह बदलता दिख रहा है।
नगर निगम का उद्देश्य है कि दीपावली के महापर्व पर गाजियाबाद न केवल अपने घरों के लिए बल्कि पूरे शहर के लिए स्वच्छ, सुंदर और चमकदार दिखाई दे। नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे सफाई और सौंदर्यकरण में सक्रिय भागीदारी निभाएँ और सुनिश्चित करें कि शहर दीपावली पर सजे-संवरे रूप में चमक उठे।