रामायण व महाभारत के मुरीद बराक ओबामा

यूएस के पूर्व राष्ट्रपति का सामने आया भारत प्रेम

वॉशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा का भारत के प्रति अटूट प्रेम सामने आया है। बचपन में वह रामायण और महाभारत के काफी मुरीद थे। समय-समय पर वह इन हिंदू महाकाव्यों की कथाएं सुनते थे। पूर्व राष्ट्रपति ओबामा ने ए प्रोमिज्ड लैंड नामक अपनी पुस्तक में इस तथ्य का खुलासा किया है। बराक ओबामा 2 बार राष्ट्रपति रह चुके हैं। ए प्रोमिज्ड लैंड नामक पुस्तक में ओबामा ने कहा है कि वह बचपन में इंडोनेशिया में गुजारे समय के दरम्यान रामायण और महाभारत की कथाएं सुना करते थे। इसलिए उनके मन में भारत के लिए हमेशा विशेष स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि संभवत: यह उसका (भारत) आकार है, जो आकर्षित करता है। जहां दुनिया की जनसंख्या का छठा हिस्सा रहता है। जहां करीब 2 हजार विभिन्न जातीय समुदाय रहते हैं। जहां 700 से ज्यादा भाषाएं बोली जाती हैं। बराक ओबामा ने बताया कि उन्होंने 2010 में राष्ट्रपति के रूप में भारत की यात्रा की थी। वह इससे पहले कभी भारत नहीं गए थे, मगर इस देश का मेरी कल्पना में हमेशा विशेष स्थान रहा। ओबामा ने कहा कि इसका एक कारण संभवत: इंडोनेशिया में अपने बचपन का कुछ हिस्सा मैंने हिंदू महाकाव्यों रामायण और महाभारत की कथाएं सुनते बिताया या इसका कारण पूर्वी धर्मों में मेरी रूचि हो सकती है या इसका कारण कॉलेज के मेरे पाकिस्तानी और भारतीय मित्रों का समूह है, जिन्होंने मुझे दाल और कीमा बनाना सिखाया और मुझे बॉलीवुड की फिल्में दिखाईं। प्रोमिज्ड लैंड में ओबामा ने 2008 के चुनाव प्रचार अभियान से लेकर राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले कार्यकाल के अंत में एबटाबाद (पाकिस्तान) में अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन को मारने के अभियान तक की अपनी यात्रा का विवरण दिया है। लादेन के सफाए के लिए अमेरिका ने बेहद गोपनीय तरीके से विशेष अभियान चलाया था। इस किताब का दूसरा भाग भी आएगा।