-सांस्कृतिक, साहित्यिक व रचनात्मक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया बहुआयामी कौशल
-लाइव संगीत प्रस्तुति ने बांधा समां, उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ वार्षिकोत्सव
-निष्पक्ष मूल्यांकन के बाद विजेताओं को मिला सम्मान, लाइव संगीत प्रस्तुति ने बनाया आयोजन को यादगार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित मॉडर्न कॉलेज में सांस्कृतिक-साहित्यिक समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव समारोह ‘नव उत्कर्ष 2026’ का द्वितीय दिवस उत्साह, ऊर्जा और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा के शानदार प्रदर्शन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन दिवस पर कॉलेज परिसर सांस्कृतिक रंगों, कला और युवा उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के समापन सत्र का शुभारंभ महाविद्यालय के सचिव विनीत गोयल एवं प्राचार्या डॉ. निशा सिंह ने किया। द्वितीय दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे समर्पण और जोश के साथ भाग लिया। सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में सांस्कृतिक विविधता और तालमेल का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों ने सामाजिक विषयों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत कर दर्शकों को सोचने पर मजबूर किया।
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा वर्चुअल गेमिंग, रील निर्माण, कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। फैशन शो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, शैली और प्रस्तुति कौशल से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सभी प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया। विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। समापन अवसर पर प्रसिद्ध गायक संजय पांडे एवं गायिका गीता बागेश्वरी की लाइव प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया।
विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमूह ने संगीत की मनमोहक प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सचिव विनीत गोयल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारती हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) निशा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ‘नव उत्कर्ष 2026’ विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का सशक्त मंच साबित हुआ है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और आयोजन समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

















