हाउस टैक्स को लेकर चल रहा व्यापारियों का धरना प्रदर्शन प्रशासन और व्यापारियों के बीच सकारात्मक संवाद के बाद रविवार को समाप्त हो गया। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय के साथ मौके पर पहुंचकर व्यापारियों से विस्तृत वार्ता की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। अपर नगर आयुक्त ने व्यापारियों को बताया कि गाजियाबाद नगर निगम शहरवासियों को राहत देने के उद्देश्य से हाउस टैक्स के मुद्दे पर लगातार शासन स्तर पर संवाद कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही शासन से इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। हाउस टैक्स को लेकर चल रहा व्यापारियों का धरना प्रदर्शन प्रशासन और व्यापारियों के बीच सकारात्मक संवाद के बाद रविवार को समाप्त हो गया। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय के साथ मौके पर पहुंचकर व्यापारियों से विस्तृत वार्ता की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। अपर नगर आयुक्त ने व्यापारियों को बताया कि गाजियाबाद नगर निगम शहरवासियों को राहत देने के उद्देश्य से हाउस टैक्स के मुद्दे पर लगातार शासन स्तर पर संवाद कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही शासन से इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। तब तक करदाताओं के खिलाफ किसी प्रकार की प्रतिकूल या दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। संवाद के दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधि गोपीचंद और अशोक चावला ने एक स्वर में हाउस टैक्स वसूली को लेकर की जा रही सख्ती पर रोक लगाने की मांग उठाई।
इस पर वरिष्ठ प्रभारी टैक्स एवं मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एस.के. राय ने स्पष्ट किया कि शासन से अंतिम निर्णय आने तक किसी भी बकायेदार व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी। महानगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल ने निगम अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए व्यापारियों की समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा तथा जल्द समाधान निकालने की अपेक्षा जताई। प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद उन्होंने धरना प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की। इस अवसर पर सिटी जोन के जोनल प्रभारी आर.पी. सिंह, व्यापार मंडल के महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश स्वामी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और निगम अधिकारी उपस्थित रहे। निगम और व्यापारियों के बीच बने सहमति के माहौल को शहर में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है तथा उम्मीद जताई जा रही है कि हाउस टैक्स विवाद का स्थायी समाधान जल्द सामने आएगा।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष गोपीचंद, महानगर महामंत्री अशोक चावला, महानगर चेयरमैन बृजमोहन सिंघल, वाइस चेयरमैन के.पी. गुप्ता, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सुनील गोयल, जिला महामंत्री राजदेव त्यागी, पवन शर्मा, विकास अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, अनुराग गर्ग, राकेश स्वामी, संजीव मित्तल, अजय बंसल, प्रदीप गर्ग सहित अनेक व्यापारी नेता मौजूद रहे। युवा व्यापार मंडल की ओर से युवा महानगर चेयरमैन मनोज गर्ग, युवा अध्यक्ष विपिन गोयल, वरिष्ठ महामंत्री पंकज गुप्ता, महामंत्री वसीम अली, हितेंद्र शर्मा, संजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष अनित मदान सहित युवा पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अतिरिक्त राकेश बबेजा, जुगल किशोर (नीटा), विजय ढिंगरा, रजेश लोहिया, पूरन शर्मा, राकेश पचौरी, अमित बंसल, जसवीर त्यागी, स्वतंत्र यादव, वी.के. अग्रवाल, पार्षद नीरज गोयल, नगर निगम से इस्तीफा देने वाले धीरेंद्र यादव, पूर्व पार्षद जाकिर अली सैफी तथा अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारियों का नहीं बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक के हित से जुड़ा था। उन्होंने नगर निगम प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल करने पर संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर जल्द ही न्यायसंगत निर्णय लिया जाएगा। धरना स्थगित होने के साथ ही शहर में व्याप्त तनावपूर्ण स्थिति में राहत देखने को मिली।
















