नेहरू वर्ल्ड स्कूल बना राष्ट्रीय चैम्पियन, इंटर स्कूल 3×3 जूनियर एनबीए प्रतियोगिता में लहराया जीत का परचम

-देशभर की हजारों टीमों को पछाड़कर हासिल की ऐतिहासिक जीत
-जतिन शर्मा बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, वंश शर्मा ऑल स्टार टीम में शामिल
-अनुशासन, टीम भावना और सशक्त प्रशिक्षण ने दिलाई राष्ट्रीय पहचान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली में आयोजित इंटर स्कूल 3×3 जूनियर एनबीए राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैम्पियनशिप में नेहरू वर्ल्ड स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय की टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और मजबूत टीम भावना का परिचय देते हुए खिताब अपने नाम किया। इस जीत से विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है तथा खेल क्षेत्र में विद्यालय की निरंतर प्रगति भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। नेहरू वर्ल्ड स्कूल की टीम ने प्रारंभिक क्षेत्रीय दौर से ही अपना दमदार प्रदर्शन शुरू कर दिया था। खिलाडिय़ों ने लगातार जीत दर्ज करते हुए राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में प्रवेश प्राप्त किया। देशभर की लगभग ढाई हजार विद्यालयी टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद टीम ने पूरे टूर्नामेंट में निरंतर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता भारत में विद्यालय स्तर की सबसे प्रतिष्ठित बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी पहचान तेजी से बढ़ रही है।

टीम की सफलता के पीछे खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और विद्यालय प्रशासन का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। खिलाडिय़ों ने खेल मैदान पर बेहतरीन तालमेल, आत्मविश्वास और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए हर मुकाबले में अपनी श्रेष्ठता साबित की। टीम के सभी खिलाडिय़ों ने एकजुट होकर खेलते हुए यह सिद्ध किया कि सामूहिक प्रयास ही बड़ी सफलता की कुंजी होता है। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी जतिन शर्मा को उनके शानदार सर्वांगीण प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता के लिए प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उनके प्रदर्शन ने टीम को निर्णायक मुकाबलों में जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं वंश शर्मा ने भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दिल्ली ऑल स्टार टीम में स्थान बनाया। उन्होंने आगे आयोजित ऑल स्टार चैम्पियनशिप में भी जीत हासिल की तथा प्रतियोगिता के सर्वाधिक अंक बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में विशेष पहचान बनाई।

विद्यालय की टीम को ट्रिपल टैक अकादमी द्वारा दिए गए सुव्यवस्थित प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन का भी विशेष लाभ मिला। अकादमी के समर्पित प्रयासों ने युवा खिलाडिय़ों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह ऐतिहासिक विजय केवल एक ट्रॉफी जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नेहरू वर्ल्ड स्कूल की खेल उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की सोच को भी दर्शाती है। विद्यालय प्रशासन का मानना है कि ऐसी उपलब्धियां विद्यार्थियों को भविष्य में और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगी तथा खेलों के प्रति नई पीढ़ी का उत्साह भी बढ़ाएंगी। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता निश्चित रूप से विद्यालय के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी और आने वाले समय में खिलाडिय़ों के लिए नई ऊंचाइयों का मार्ग प्रशस्त करेगी।