सियासत में नई हलचल: केसी त्यागी ने थामा रालोद का दामन, जयंत चौधरी को मिला चुनाव से पहले जबरदस्त बूस्ट

-जदयू के वरिष्ठ नेता ने समर्थकों संग थामा रालोद का दामन, मावलंकर हॉल में शक्ति प्रदर्शन
-किसान, युवा और रोजगार के मुद्दों से प्रभावित होकर लिया फैसला: केसी त्यागी
-अनुभवी नेताओं के जुडऩे से संगठन होगा और मजबूत: जयंत चौधरी

उदय भूमि संवाददाता
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के मावलंकर हॉल में रविवार को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने उनका औपचारिक स्वागत किया और इसे पार्टी के विस्तार तथा विचारधारा की मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक माहौल खासा उत्साहित नजर आया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। केसी त्यागी के साथ उनके सुपुत्र अमरीश त्यागी, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अशोक यादव सहित सैकड़ों समर्थकों ने भी रालोद का दामन थामा, जिससे कार्यक्रम एक बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। सदस्यता ग्रहण करने के बाद केसी त्यागी ने कहा कि उन्होंने यह फैसला पूरी सोच-समझ के साथ लिया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्तमान समय में देश के सामने किसान, युवा और रोजगार जैसे मुद्दे सबसे महत्वपूर्ण हैं और इन मुद्दों पर रालोद जिस गंभीरता और मजबूती के साथ काम कर रही है, वह सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी के नेतृत्व में पार्टी एक सकारात्मक और मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है, जो जमीनी स्तर पर लोगों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठा रही है। त्यागी ने आगे कहा कि आज की राजनीति में विचारधारा और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए और रालोद की नीतियां इन्हीं मूल्यों पर आधारित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पार्टी किसानों और युवाओं के हितों के लिए और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी।
वहीं, जयंत चौधरी ने केसी त्यागी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जैसे अनुभवी और वरिष्ठ नेता का पार्टी में शामिल होना रालोद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा से किसान, मजदूर और युवाओं के मुद्दों को लेकर प्रतिबद्ध रही है और इसी दिशा में लगातार कार्य कर रही है। जयंत चौधरी ने कहा कि केसी त्यागी और उनके साथियों के जुडऩे से पार्टी की विचारधारा को नई मजबूती मिलेगी और संगठनात्मक ढांचा भी और सुदृढ़ होगा। उन्होंने इसे रालोद के बढ़ते जनाधार का प्रमाण बताते हुए कहा कि देशभर में लोग पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह त्यागी ने की। इस दौरान पार्टी में शामिल होने वाले अन्य प्रमुख लोगों में रणवीर सिंह, संजय बिंदल, नितिन त्यागी, आभाष त्यागी, प्रशांत त्यागी, विनय त्यागी (बिट्टो), शांतनु, मनोज त्यागी, देवेंद्र प्रधान (रोजा जलालपुर), यतीश त्यागी, अवनीश निवाड़ी, जितेंद्र निवाड़ी, सतीश मित्तल (चेयरमैन) और अभिषेक शामिल रहे। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे रालोद के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उनका कहना था कि इस तरह के अनुभवी नेताओं के जुडऩे से पार्टी को न केवल राजनीतिक मजबूती मिलेगी, बल्कि जमीनी स्तर पर संगठन को भी नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए यह घटनाक्रम काफी अहम है। केसी त्यागी जैसे अनुभवी नेता का रालोद में शामिल होना पार्टी के लिए रणनीतिक दृष्टि से फायदेमंद साबित हो सकता है। इससे पार्टी को नए क्षेत्रों में विस्तार और विभिन्न वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का अवसर मिलेगा। कुल मिलाकर, मावलंकर हॉल में हुआ यह कार्यक्रम केवल एक सदस्यता अभियान नहीं, बल्कि रालोद के बढ़ते प्रभाव और बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत भी माना जा रहा है। आने वाले समय में इस कदम का असर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में देखने को मिल सकता है।