शाहबेरी एलिवेटेड रोड की डीपीआर बनाएगा एनएचएआई

-डीपीआर तैयार करने में आने वाले खर्च की रकम ग्रेनो प्राधिकरण ने एनएचएआई को जारी कर दी
-ग्रेनो वेस्ट में सेक्टर-4 से शाहबेरी होते हुए एनएच-9 से जोड़ने के लिए चार किमी लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार शहर की कनेक्टिविटी को सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-चार से शाहबेरी होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को जोड़ने के लिए प्रस्तावित चार किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तैयार करेगा। इस पर आने वाले खर्च की रकम ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जारी कर दी है। सड़क का निर्माण भी एनएचएआई से कराया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक जाम की बढ़ती समस्या को देखते हुए प्राधिकरण ने एलिवेटेड रोड बनाने का अहम निर्णय लिया है,जिसे बीते मार्च माह में हुई प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में मंजूरी दी गई थी। इस परियोजना की लागत लगभग 400 करोड़ रुपये आने की उम्मीद है। बोर्ड के प्रस्ताव के अनुसार लागत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नोएडा प्राधिकरण और यमुना प्राधिकरण द्वारा साझा की जाएगी।

साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि सड़क बनाने की जिम्मेदारी एनएचएआई को सौंपी जाएगी। यह सड़क दो जिलों गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद को जोड़ती है। एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार करने का काम एनएचएआई को सौंप दिया गया है। डीपीआर तैयार करने के लिए एनएचएआई के पास धनराशि जमा कर दी है। डीपीआर तैयार होने में 4-5 माह का समय लग सकता है। अधिकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से आबादी बढ़ने के कारण इस एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाना बहुत ही आवश्यक है। अगले 10 वर्षों में आबादी 15-20 लाख तक पहुंचने का अनुमान है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट चालू होने के बाद ट्रैफिक का दबाव और अधिक बढ़ेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार का कहना है कि ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए ही एक मूर्ति गोलचक्कर सेक्टर-4 से राष्ट्रीय राजमार्ग-9 तक एक एलिवेटेड रोड की योजना बनाई गई है। इससे ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद और आने वाले एयरपोर्ट से आने-जाने वाले यात्रियों को लाभ होगा। यह एलिवेटेड रोड 130 मीटर चौड़ी सड़क पर सेक्टर- 4 से शुरू होगी जो शाहबेरी और गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक को पार करेगी और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (एनएच-9) से जुड़ेगी।