-अक्टूबर या नवंबर माह में प्रधानमंत्री से उद्घाटन कराने की तैयारी
-देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट के लिए 6200 हेक्टेयर जमीन रखी गई
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का काम पूरा होने के करीब पहुंच गया है। अक्टूबर से नवंबर तक में इसके चालू होने की उम्मीद है। एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री का समय लेने को शासन स्तर से पत्र भेज दिया गया है। समय मिलते ही उद्घाटन की तिथि घोषित हो जाएगी।
जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण चल रहा है। इसका कार्य 9्र0 प्रतिशत पूरा हो गया है। शेष 10 प्रतिशत कार्य अक्टूबर के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे, एटीसी, एयरो ब्रिज के ज्यादातर कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने के प्रयास चल रहे हैं। इसके बाद यहां से उड़ान शुरू हो जाएंगी। विकासकर्ता कंपनी ने अक्टूबर के अंत में उद्घाटन कार्यक्रम के लिए रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है।
तारीख तय होते ही तैयारियों में और तेजी आ जाएगी। सूत्रों का कहना है कि एयरपोर्ट परिसर में प्रधानमंत्री की जनसभा कराई जाएगी। इसके जरिये गौतमबुद्ध नगर ही नहीं, पूरे पश्चिमी यूपी व दिल्ली एनसीआर, उत्तराखंड, राजस्थान के व्यापार और उद्योगों को उड़ान मिलेगी। नोएडा एयरपोर्ट पर छह रनवे बनाए जाने हैं। प्रथम फेज में एक रनवे , टर्मिनल बिल्डिंग, कार्गो हब बनकर तैयार हो चुके हैं। पहले फेज की क्षमता प्रतिवर्ष 1 करोड़ 20 लाख यात्रियों की होगी। यह एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। पूरी परियोजना के लिए 6200 हेक्टेयर जमीन तय की गई है।















