उत्तर रेलवे बृहस्पतिवार से शुरू करेगा विशेष स्वच्छता अभियान, 3 दिवसीय मुहिम के लिए महाप्रबंधक एके वर्मा ने दिए दिशा-निर्देश

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ए.के. वर्मा ने अधिकारियों को इस 3 दिवसीय स्वच्छता अभियान में सभी प्रमुख स्टेशनों, कारखानों और डिपो में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि यह अभियान व्यापक और प्रभावशाली हो। स्वच्छता अभियान नामित किए गए वरिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड एवं कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड अधिकारी की देखरेख में संचालित किया जाएगा।

उदय भूमि संवाददाता 
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे द्वारा बृहस्पतिवार से स्पेशल कैम्पेन 4.0 के तहत 3 दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। यह विशेष स्वच्छता अभियान वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में स्टेशन, कारखानों, प्रमुख कोचिंग डिपो, माल डिपो, एवं ईएमयू और एमईएमयू शेड में चलाया जाएगा। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ए.के. वर्मा ने अधिकारियों को इस 3 दिवसीय स्वच्छता अभियान में सभी प्रमुख स्टेशनों, कारखानों और डिपो में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि यह अभियान व्यापक और प्रभावशाली हो। स्वच्छता अभियान नामित किए गए वरिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड एवं कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड अधिकारी की देखरेख में संचालित किया जाएगा।

अभियान के दौरान नामित अधिकारियों द्वारा स्टेशनों का निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें स्टेशन तक पहुंचने वाले मार्ग, प्लेटफार्म, कार्यालय, शौचालय, विश्राम कक्ष, स्टेशन सीमा क्षेत्र के तहत रेलवे ट्रैक, फुट ओवरब्रिज, फूड स्टॉल आदि शामिल होंगे। 10 सबसे गंदे स्थानों की पहचान कर विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसमें साफ किए जाने वाले कूड़े की अपेक्षित मात्रा, निपटाए जाने वाले स्क्रैप की अपेक्षित मात्रा, साफ किए जाने वाले स्थान आदि जैसे विवरण होंगे।

यह स्वच्छता अभियान उत्तर रेलवे के सभी विभागों में क्रियान्वित होने वाला एक समावेशी अभ्यास होगा। बता दें कि स्वच्छ भारत अभियान को ध्यान में रखकर उत्तर रेलवे समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाकर यात्रियों को भी जागरूक कर रहा है। इसके बेहतर परिणाम देखने को मिल रहे हैं। उत्तर रेलवे के सभी स्टेशनों पर साफ-सफाई देखने को मिल रही है।