अनाज मंडी में बनेगा स्ट्रांग रूम, सुरक्षा व्यवस्था व सुविधाएं करें पुख्ता: इन्द्र विक्रम सिंह

विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

गाजियाबाद। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों के साथ गोविंदपुरम स्थित नवीन अनाज मंडी में बनाए जाने वाले स्ट्रांग रूम का मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सुविधाएं पुख्ता की जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता रामराजा, अवर अभियंता राजेश कुमार समेत अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए सड़क एवं स्ट्रांग रूम की मरम्मत, टैटेंज, विद्युत व्यवस्था, वातावरण की अनुकूल परिस्थितियों से संबंधित मूलभूत सुविधाएं, पेयजल, टॉयलेट, शौचालयों से संबंधित तैयारियों के बारे में निर्देशित किया।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा से संबंधित सभी तैयारियों का रूट चार्ट तैयार किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि अपने अधीनस्थ अधिकारियों, सह प्रभारियों और कर्मचारियों को उनसे संबंधित सभी कार्यों को समझाकर या उनकी तैयारियां कराकर पूर्ण किया जाएं। यह सभी तैयारियां यह नहीं होना चाहिए कि हमें इस बात की जानकारी नहीं थी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।