ब्लास्ट से 3 की मौत, कई गंभीर रूप से घायल
नई दिल्ली। पाकिस्तान के कराची में 2 मंजिला इमारत में जबरदस्त ब्लास्ट होने से हड़कंप मच गया। हादसे में 3 नागरिकों की जान चली गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आस-पास की कुछ इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। आनन-फानन में नागरिक घरों से बाहर निकल आए। सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने संबंधित स्थल की घेराबंदी कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। कराची के मस्कान चौरंगी क्षेत्र में यह घटना सामने आई है। वहां 2 मंजिला इमारत में अचानक तेज आवाज के साथ ब्लास्ट होने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में 3 नागरिकों की मौत हो गई। जबकि कई नागरिक गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। आस-पास की कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। सभी घायलों को नजदीक के पटेल अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। विस्फोट का असल कारण अभी तक मालूम नहीं चल सका है। मुबीना टाउन पुलिस थाना के एसएचओ ने बताया कि संभवत: यह सिलेंडर ब्लास्ट था। बम निरोधक दस्ता विस्फोट के कारण का पता लगा रहा है। प्रवर्तन एजेंसियां और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पूरे क्षेत्र को बंद कर दिया गया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विस्फोट इमारत की दूसरी मंजिल पर हुआ है। कुछ नागरिकों ने इधर-उधर भाग कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बता दें कि हाल ही में कराची की शीरीन जिन्ना कॉलोनी के पास बस टर्मिनल पर बम ब्लास्ट की घटना प्रकाश में आई थी। इस ब्लास्ट में 5 नागरिक घायल हो गए थे। यह आईईडी ब्लास्ट बताया गया था। पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन जब-तब बम ब्लास्ट करते रहते हैं। आतंकियों पर लगाम कसने में इमरान सरकार ठोस कदम उठाने में नाकाम है।
















