प्रधानमंत्री मोदी ने दिया महंगाई के खिलाफ बड़ा गिफ्ट, घटा जीएसटी: नरेंद्र कश्यप

-व्यापारियों ने जताया आभार, कहा – यह फैसला छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े उद्योगों तक सबको देगा मजबूती

उदय भूमि संवाददाता
गाजि़याबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई ऐतिहासिक कटौती का असर अब गली-गली और बाजार-बाजार तक दिखाई देने लगा है। सोमवार को चौधरी मोड़ पर आयोजित व्यापारी बैठक में व्यापार जगत ने इस निर्णय का जोरदार स्वागत किया और प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। बैठक में शामिल व्यापारी नेताओं ने कहा कि जीएसटी में यह कमी न केवल छोटे दुकानदारों को राहत देगी बल्कि बड़े उद्योगों को भी प्रतिस्पर्धा में मजबूती प्रदान करेगी। उपभोक्ताओं को भी वस्तुएँ पहले की तुलना में अधिक सस्ती उपलब्ध होंगी, जिससे बाजार की रौनक और उपभोक्ता विश्वास दोनों बढ़ेंगे। व्यापारियों का मानना है कि घटे हुए जीएसटी से व्यापारिक गतिविधियों में तेज़ी आएगी। स्थानीय बाजारों के साथ-साथ राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को भी इससे नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

लंबे समय से व्यापारी संगठनों द्वारा जीएसटी दरों में कटौती की मांग उठाई जा रही थी, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने समय रहते पूरा कर दिया। व्यापारी वर्ग ने इसे आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती वास्तव में जनता के लिए महंगाई के खिलाफ एक बड़ा गिफ्ट है। इस फैसले से न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि देश के सभी राज्यों के उपभोक्ताओं और व्यापारियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी में कटौती से महंगाई की दर घटेगी, लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और देश का आर्थिक ढांचा पहले से कहीं अधिक मजबूत होगा। यह कदम भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अहम साबित होगा।

महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि घटे हुए जीएसटी से छोटे दुकानदारों को सीधे तौर पर फायदा होगा और उनका कारोबार तेजी से आगे बढ़ेगा। ओबीसी मोर्चा मीडिया प्रभारी सौरव जयसवाल ने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे छोटे और मंझोले व्यापारी मजबूत होंगे। ओबीसी मोर्चा महानगर अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि यह कदम कारोबारियों का आत्मविश्वास बढ़ाएगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा। महामंत्री सुशील गौतम ने कहा कि उपभोक्ताओं के लिए सुलभ दामों पर वस्तुएँ उपलब्ध होना बड़ी राहत है, जिससे बाजार में खरीदारी की रफ्तार तेज होगी। बैठक में मौजूद अन्य व्यापारियों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फैसले से व्यापार जगत को नई दिशा मिलेगी और उद्योग-व्यापार को नई गति प्राप्त होगी। अंत में सभी व्यापारी भाइयों ने एक स्वर में धन्यवाद मोदी सरकार का नारा लगाकर प्रधानमंत्री के इस निर्णय का स्वागत किया और इसे व्यापार जगत के लिए मील का पत्थर बताया।