छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक समारोह की तैयारी पूरी

-नवयुग मार्केट में 8 जून को होगा भव्य आयोजन, महाराजा विश्वराज सिंह और अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन होंगे मुख्य अतिथि

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। हर वर्ष की भांति भारत माता सांस्कृतिक संस्थान इस बार भी छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक समारोह भव्य रूप से आयोजित करने जा रहा है। शुक्रवार को कार्यक्रम की जानकारी एक प्रेसवार्ता के माध्यम से देते हुए संस्थान के अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक भारतीय इतिहास में हिन्दवी स्वराज की नींव का प्रतीक है, जिसने मु$गल साम्राज्य की निरंकुशता को चुनौती दी और स्वराज की भावना को जन्म दिया। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक घटना को हिन्दू साम्राज्य दिवस के रूप में मनाते हुए इस वर्ष का कार्यक्रम 8 जून को शाम 5:30 बजे नवयुग मार्केट, गाजियाबाद में आयोजित होगा। समारोह में महाराणा प्रताप की 77वीं पीढ़ी के वंशज महाराजा विश्वराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन मुख्य वक्ता होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी राहुल सिंह करेंगे।

संस्थान के सदस्य सुशील कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के पहले सत्र में 35 महिला वाहिनी का दल बुलेट पर सवार होकर तलवारबाज़ी का प्रदर्शन करेगा, जो महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देगा। यह यात्रा ठाकुरद्वारा मंदिर से प्रारंभ होकर चौपाला होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी। साथ ही 500 महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम में बाल शिवाजी, माता जीजाबाई, महाराणा प्रताप और महारानी अबक्का के स्वरूप में बच्चे भाग लेंगे। मंच पर बाल शिवाजी का राज्याभिषेक माता जीजाबाई स्वरूप द्वारा मंत्रोच्चार के साथ किया जाएगा। नाटकबाज थिएटर ग्रुप सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ऐतिहासिक प्रसंगों को जीवंत करेगा।

प्रचार प्रमुख विपिन त्यागी ने बताया कि आयोजन की तैयारियाँ पिछले दो महीनों से लगातार जारी हैं। महिला दल को तलवारबाजी का प्रशिक्षण भी दिया गया है। उन्होंने आम जन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने की अपील की। प्रेसवार्ता में मनमीत कुमार, अरुण सिरोही, राजेन्द्र कुमार, तरुण शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर शहरभर में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन को लेकर उत्सुक हैं।