-सिद्धपीठ दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर की दुकानों का सर्वे जारी, डीएम लेंगे आज बैठक
-नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक में मठ मंदिर को भव्यता देने के दिए निर्देश
-नगर निगम ने बढ़ाई सर्वे की रफ्तार, 50 से अधिक दुकानों का सर्वे पूरा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद के ऐतिहासिक सिद्धपीठ दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर को भव्य स्वरूप देने की दिशा में नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को नया आकार देने के लिए कॉरिडोर परियोजना के तहत सोमवार को नगर निगम ने दुकानों का सर्वे कार्य और तेज कर दिया। सोमवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्सय सिंह मलिक ने अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए दुकानों का सर्वे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह,चीफ इंजीनियर निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी आदि अधिकारी उपस्थित रहे। नगर निगम और पर्यटन विभाग मिलकर दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर के सौंदर्यीकरण और विकास का कार्य कर रहे हैं।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को संपत्ति विभाग और निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि मंदिर क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाते हुए श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि दूधेश्वरनाथ मंदिर क्षेत्र का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दुकानों के सर्वे कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा कर श्रद्धालुओं के लिए एक आकर्षक और सुविधाजनक कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। अब तक 50 से अधिक दुकानों का सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। बाकी दुकानों का सर्वे तेजी से चल रहा है। दुकानों को हिंडन विहार या अन्य उपयुक्त क्षेत्रों में पुनर्स्थापित करने की योजना पर भी काम हो रहा है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि 10 दिन के भीतर सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी जाए।
श्रद्धालुओं और व्यापारियों से मिल रहा सहयोग
सर्वे कार्य के दौरान मंदिर के पुजारी, श्रद्धालु और स्थानीय व्यापारी वर्ग भी नगर निगम को पूरा सहयोग दे रहे हैं। अधिकारी मंदिर परिसर के भीतर और बाहर पैमाइश कर नक्शा तैयार कर रहे हैं ताकि नए कॉरिडोर का निर्माण बिना किसी अड़चन के हो सके। निगम का विशेष जोर कॉरिडोर के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर है।
डीएम दीपक मीणा करेंगे आज बड़ी बैठक
आज यानी मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में सिद्धपीठ दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया है। इस बैठक में नगर निगम, पर्यटन विभाग समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। संभावना है कि बैठक में कॉरिडोर के निर्माण को लेकर कई बड़े फैसले लिए जाएंगे, जिससे कार्यों को और रफ्तार मिलेगी।

















