जनसुनवाई में गूंजा जनता का भरोसा, 17 शिकायतों का त्वरित निस्तारण

-‘संभव’ के तहत नगर निगम में सुनवाई, सिविल व टैक्स विभाग की सबसे अधिक शिकायतें

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चलाई जा रही ‘संभव’ जनसुनवाई पहल के तहत मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम परिसर में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान निगम सभागार में आयोजित जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव और उद्यान प्रभारी अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने भी लोगों की शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किया। जनसुनवाई के दौरान कुल 17 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें सिविल विभाग से 3, हेल्थ और लाइट से 2-2, टैक्स से सबसे अधिक 4, जल विभाग से 3, जबकि वीएमओ, कार्मिक और अतिक्रमण से 1-1 शिकायत सामने आई। अधिकारियों ने मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान किया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त की सक्रिय कार्यशैली का ही परिणाम है कि जहां एक ओर निगम में आने वाले फरियादियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर शिकायतों की संख्या में भी धीरे-धीरे कमी देखने को मिल रही है। अधिकारी भी जनसमस्याओं के समाधान को लेकर पहले से अधिक संवेदनशील नजर आ रहे हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान हमारी प्राथमिकता है। ‘संभव’ जनसुनवाई के माध्यम से हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर फरियादी की बात सुनी जाए और समयबद्ध तरीके से उसका निस्तारण किया जाए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्य किया जाए।