जनता की तकलीफ बर्दाश्त नहीं होगी, बिजली संकट पर सख्त हुए विधायक

-अकबरपुर बहरामपुर में लगेगा 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर, यूपीपीसीएल के अफसरों को दिए सख्त निर्देश
-जनता को राहत देना उनकी समस्याओं का निस्तारण पहली प्राथमिकता: संजीव शर्मा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए शहर विधायक संजीव शर्मा एक्शन मोड में हैं। भीषण गर्मी में अकबरपुर बहरामपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की तकलीफ अब और बर्दाश्त नहीं होगी। हर हाल में बिजली सप्लाई तुरंत दुरुस्त की जाए, चाहे इसके लिए कितनी भी बड़ी कार्रवाई करनी पड़े। शुक्रवार को विधायक ने स्वयं अकबरपुर बहरामपुर स्थित बिजलीघर का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली सप्लाई किसी भी सूरत में बाधित न हो।

उन्होंने कहा कि गर्मी से जनता बेहाल है, बीमारियां फैल रही हैं, और बच्चों-बुजुर्गों का जीना मुहाल हो गया है। शनिवार को फिर उन्होंने कविनगर स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय में यूपीपीसीएल लखनऊ के टेक्निकल डायरेक्टर एन.के. मिश्रा और डायरेक्टर कॉमर्शियल संजय जैन के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक के दौरान विधायक संजीव शर्मा ने अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि जनता हमें चुनती है ताकि हम उनके सुख-दुख में खड़े रहें। बिजली जैसी बुनियादी ज़रूरत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मैं किसी भी बहाने या लापरवाही को स्वीकार नहीं करूंगा। समस्या का स्थायी समाधान चाहिए और वो तुरंत चाहिए।

विधायक ने अधिकारियों के सामने 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने का प्रस्ताव रखा और कहा कि यह काम जल्द से जल्द शुरू किया जाए ताकि क्षेत्र में भविष्य में कोई संकट न हो। यूपीपीसीएल के दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा और बिजली संकट पर पूर्ण विराम लगेगा। विधायक के मीडिया सलाहकार अजय चोपड़ा ने जानकारी दी कि संजीव शर्मा बिजलीघरों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और प्रतिदिन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर रहे हैं ताकि जनता को 24 घंटे निर्बाध बिजली मिल सके।