-गाजियाबाद में हुई पहली बैठक, कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प-“गंगा समग्र में देंगे योगदान”
-गगन एनक्लेव में गूंजा गंगा समग्र का संदेश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गंगा संरक्षण और जन-जागरूकता के लिए समर्पित संगठन गंगा समग्र की गाजियाबाद इकाई की पहली बैठक सोमवार को सी-63 गगन एनक्लेव कॉलोनी स्थित जिला संयोजक रघुनंदन भारद्वाज के निवास स्थान पर संपन्न हुई। बैठक में गाजियाबाद के विभिन्न वार्डों से आए कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक में गंगा समग्र के राष्ट्रीय मंत्री श्री पवन कुमार चौहान ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने संगठन के उद्देश्य और सभी आयामों को सरल भाषा में समझाया। कार्यकर्ताओं द्वारा पूछे गए विविध प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने यह स्पष्ट किया कि गंगा समग्र केवल एक आंदोलन नहीं बल्कि जन-जन की भागीदारी का अभियान है।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सेवा सदन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी मंगल सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विचार रखते हुए कहा कि गंगा संरक्षण भारतीय संस्कृति और आस्था से जुड़ा हुआ विषय है और इसे जनांदोलन का रूप देना ही गंगा समग्र की असली सफलता होगी। बैठक के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण और गंगा बचाने के संकल्प का प्रतीक बना। गाजियाबाद के जिला संयोजक नियुक्त होने के बाद पहली बार बैठक का संचालन कर रहे रघुनंदन भारद्वाज ने कहा कि वह गंगा समग्र के हर आयाम को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही गंगा समग्र के सभी आयामों के प्रमुख पदाधिकारियों की सूची जारी की जाएगी और संगठनात्मक गतिविधियों को तेजी दी जाएगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य मौजूद रहे जिनमें मनमोहन मित्तल, श्रीमती आकांक्षा खन्ना, श्रीमती प्रीति कपूरिया, श्रीमती अलका मित्तल, निश्चय गौतम, प्रतीक शर्मा, देवांश शर्मा, मयंक कुमार शर्मा, सुमित नगर, रोहित वशिष्ठ, अभिनव भाटी, राहुल वशिष्ठ, राघव गर्ग, सौरभ, अंकित मित्तल, हरि सिंह, विनोद रावत, अनिल सक्सेना, राहुल पवार, धर्मेंद्र शर्मा, मयंक शर्मा, चाहत शर्मा, रोहित बसेला, प्रवीण भाटी समेत अन्य अनेक सम्मानित गण शामिल रहे। गाजियाबाद में हुई यह बैठक न सिर्फ संगठनात्मक दृष्टि से ऐतिहासिक रही बल्कि इसने यह भी संदेश दिया कि गंगा संरक्षण की इस पवित्र मुहिम में हर वर्ग, हर आयु और हर क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर योगदान देने को तैयार हैं। जिला संयोजक रघुनंदन भारद्वाज के नेतृत्व में गाजियाबाद में गंगा समग्र के कार्य अब और सशक्त रूप से गति पकड़ेंगे।

















