चुनावी मौसम में शातिरों की कमर तोड़ने पर आमादा रेलवे पुलिस

-हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पहुंचने से पहले गोल्ड और कैश जब्त
-नई दिल्ली, अम्बाला व बठिंडा स्टेशनों पर सघन चेकिंग अभियान

नई दिल्ली। हरियाणा एवं जम्मू-कश्मीर में आसन्न विधान सभा चुनाव के मद्देनजर रेलवे पुलिस ने भी कमर कस ली है। दोनों महत्वपूर्ण राज्यों में चुनावी मौसम में ट्रेनों के जरिए अवैध नकदी, आभूषण एवं शराब इत्यादि प्रतिबंधित सामान के परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष अभियान छेड़ा गया है। इसके तहत ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग की जा रही है। ऐसे में उत्तर रेलवे के नई दिल्ली, अम्बाला व बठिंडा स्टेशनों से चेकिंग के दौरान कई लाख रुपए का सामान के अलावा नकदी जब्त की गई है। हरियाणा एवं जम्मू-कश्मीर में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर चल रही है। विस चुनाव के दरमियान इन राज्यों में गैरकानूनी तरीके से नकदी और शराब पहुंचाने की कोशिशें होने लगी हैं। नकदी और शराब का इस्तेमाल चुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए हो सकता है।

इसके मद्देनजर उत्तर रेलवे की पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। चुनाव में सक्रिय माफिया और अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरने के लिए विशेष अभियान छेड़ा गया है। इसके अंतर्गत नई दिल्ली, अम्बाला व बठिंडा रेलवे स्टेशनों पर कड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) अंबाला कैंट के प्रभारी निरीक्षक जावेद खान के नेतृत्व में टीम ने गाड़ी संख्या-12926 पश्चिम एक्सप्रेस से चेकिंग के दौरान दो ट्रॉली बैग से क्रमश 2 किलोग्राम स्वर्ण आभूषण व अन्य आर्टिफिशियल ज्वेलरी बरामद की है।

बरामद सामान की अनुमानित कीमत साढ़े 6 लाख रुपए से ज्यादा है। बरामद सामान के संबंध में चुनाव आयोग और आयकर विभाग ने अपने-अपने स्तर से जांच आरंभ कर दी है। इसके अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल बठिंडा द्वारा गाड़ी संख्या-12455 बीकानेर एक्सप्रेस के जनरल कोच की चेकिंग के दौरान 6 व्यक्तियों से 16,01,499 कीमत के 12 लैपटॉप व अन्य विद्युत सामान बरामद किया गया है। रेलवे पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर मामले की सूचना सेल्स टैक्स और इनकम टैक्स विभाग को दी है। उधर, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट नई दिल्ली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार, निरीक्षक दिल्ली रिजर्व संदीप कुमार व निरीक्षक द्वितीय सोनिया के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर गाड़ी संख्या-12381 पूर्वा एक्सप्रेस, गाड़ी सं-12951 मुंबई राजधानी एक्सप्रेस व गाड़ी सं-12925 पश्चिम एक्सप्रेस के पार्सल वैन से 24 नग जब्त किए गए। जिन्हें रेलवे सुरक्षा बल नई दिल्ली की टीम द्वारा चेक किया गया। इन नगों में 498 ग्राम सोने की बार कीमत लगभग 36,70,260 रुपए, 365.704 किग्राम चांदी कीमत लगभग 2,79,56,995 रुपए के अलावा 85,72,360 की नकदी बरामद की गई। आयकर विभाग द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा एक दिन में की गई यह सबसे बड़ी बरामदगी है।