-42 एकड़ के मेगा पार्क, भव्य प्रवेश द्वार और सड़कों के कायाकल्प की तैयारी, आवास आयुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश
-एनएच-9 से कनेक्टिविटी मजबूत करने, अतिक्रमण हटाने और डिवाइडरों के नवीनीकरण पर जल्द शुरू होगा काम
-गंगा जल आपूर्ति, पुल निर्माण और सौंदर्यीकरण योजनाओं को मिली गति, 15 जून को होगी प्रगति की समीक्षा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार को आधुनिक और प्रदेश के सबसे व्यवस्थित आवासीय क्षेत्रों में शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शहर विधायक संजीव शर्मा ने सोमवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद के आवास आयुक्त बलकार सिंह से मुलाकात कर सिद्धार्थ विहार क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और लंबित विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने पर सकारात्मक सहमति बनी। बैठक के दौरान सिद्धार्थ विहार की सड़कों की स्थिति, यातायात व्यवस्था, हरित क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विधायक संजीव शर्मा ने क्षेत्रवासियों की ओर से विभिन्न मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सिद्धार्थ विहार को एक मॉडल टाउनशिप के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की मांग की। चर्चा में सिद्धार्थ विहार के सौंदर्यीकरण को विशेष महत्व दिया गया।
इसके तहत मुख्य सड़कों के पुनर्निर्माण, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत, डिवाइडरों के नवीनीकरण तथा सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक स्वरूप देने पर सहमति बनी। साथ ही क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए उसे हटाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने पर भी विचार किया गया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और क्षेत्र का स्वरूप व्यवस्थित बना रहे। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण विषय सिद्धार्थ विहार में प्रस्तावित 42 एकड़ के विशाल पार्क का विकास रहा। इस पार्क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना पर चर्चा की गई। पार्क में बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, जॉगिंग ट्रैक, ओपन जिम, बैठने की व्यवस्था, हरित उद्यान और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित किए जाने की संभावनाओं पर विचार हुआ। माना जा रहा है कि यह पार्क तैयार होने के बाद न केवल सिद्धार्थ विहार बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-9 से सिद्धार्थ विहार के प्रवेश द्वार पर एक भव्य और आकर्षक गेट के निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में प्रमुखता से उठा। इस गेट का उद्देश्य क्षेत्र की पहचान को मजबूत करना और आगंतुकों को एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित टाउनशिप का अनुभव कराना है।
आवास आयुक्त ने इस प्रस्ताव को सकारात्मक बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में गंगा जल आपूर्ति की समस्या भी बैठक में प्रमुख मुद्दा रही। विधायक ने क्षेत्रवासियों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को उठाते हुए शीघ्र समाधान की आवश्यकता बताई। इस पर अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सिद्धार्थ विहार से जुड़े बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सिंचाई विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त होने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। एनओसी मिलते ही पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा। आवास आयुक्त बलकार सिंह ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को सभी विकास कार्यों पर तेजी से काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 जून को प्रगति समीक्षा बैठक निर्धारित करते हुए कहा कि प्रत्येक परियोजना की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे कराने पर विशेष जोर रहेगा।
साथ ही उन्होंने स्वयं निकट भविष्य में सिद्धार्थ विहार का दौरा कर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने का आश्वासन भी दिया। शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि सिद्धार्थ विहार को आधुनिक, स्वच्छ, हरित और सुव्यवस्थित आवासीय क्षेत्र बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश सरकार के सहयोग और अधिकारियों की सकारात्मक कार्यशैली के माध्यम से क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर सड़कें, आधुनिक पार्क, सुदृढ़ आधारभूत सुविधाएं और योजनाबद्ध विकास कार्य सिद्धार्थ विहार को आने वाले वर्षों में गाजियाबाद की नई पहचान बनाएंगे। मीडिया प्रभारी अजय चोपड़ा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी विभागों के सहयोग से सिद्धार्थ विहार शीघ्र ही जनपद के सबसे सुंदर, आधुनिक और विकसित क्षेत्रों में अपनी विशेष पहचान स्थापित करेगा।















