विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान: नगर आयुक्त ने मॉनिटरिंग के लिए लगाए अधिकारी, बीएलओ और मतदाताओं का समन्वय तेज

-नगर निगम टीम द्वारा मतदाताओं की पहचान में सहयोग, एसआईआर फॉर्म भरवाने और एकत्र करने में तेजी, अधिकारियों ने की मॉनिटरिंग

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मॉनिटरिंग के लिए वरिष्ठ अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों को बूथवार तैनात किया है। अभियान के तहत बीएलओ, मतदाता और नगर निगम टीम मिलकर हर वार्ड में सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर निगम की टीम न केवल बीएलओ का सहयोग कर रही है, बल्कि मतदाताओं की पहचान, फॉर्म वितरण और सही तरीके से भरवाने में भी मदद कर रही है। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के सफाई नायक और सेनेटरी फूड इंस्पेक्टर्स हर वार्ड में जाकर बीएलओ की सहायता कर रहे हैं। नगर आयुक्त के निर्देश पर वरिष्ठ प्रभारी और जोनल प्रभारी बूथों पर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने अर्चना और संजय कॉलोनी के बूथों का निरीक्षण किया और कार्यों को रफ्तार देने के लिए स्थानीय बीएलओ के साथ बैठक की।

अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने नंदग्राम क्षेत्र के 25 बूथ का दौरा कर कार्यवाही का जायजा लिया और सभी बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं उपमुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने इंदिरापुरम क्षेत्र में बूथों का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने में जुटे रहे। निर्माण विभाग से अधिशासी अभियंता विपुल और अधिशासी अभियंता देशराज शहीद नगर क्षेत्र के बूथों में बीएलओ का सहयोग करते नजर आए। इसके अलावा नगर निगम के अन्य विभागीय अधिकारी भी विभिन्न वार्डों में मतदाताओं की पहचान और एसआईआर फॉर्म एकत्र करने में जुटे हुए हैं। नगर निगम की टीम ने हर घर तक पहुंच सुनिश्चित की है। सफाई नायकों की टीम वार्डों में जाकर घर-घर संपर्क कर स्ढ्ढक्र फॉर्म समय पर एकत्र करवा रही है। अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन बीएलओ और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया, जिन्होंने तेजी से कार्य किया।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी तरह की लापरवाही न हो और सभी कार्य समय पर पूरे हों। इस अभियान से मतदाताओं को सही जानकारी मिल रही है और फॉर्म भरने में कोई बाधा नहीं आ रही। नागरिकों का कहना है कि नगर निगम और बीएलओ की टीम द्वारा प्रत्यक्ष सहयोग और मार्गदर्शन मिलने से उन्हें फार्म भरने में आसानी हो रही है। नगर आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि हर बूथ पर निगरानी बनी रहे और आवश्यकता अनुसार तत्काल निर्णय लेकर कार्यों की रफ्तार बढ़ाई जाए। इसके साथ ही मतदाता और बीएलओ के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी।

एसआईआर अभियान के तहत नगर निगम और जिला निर्वाचन कार्यालय की टीम की सहयोगात्मक कार्यप्रणाली गाजियाबाद जिले में मतदाता सूची को अद्यतन और सटीक बनाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अभियान के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम प्रतिदिन बूथों का निरीक्षण कर रही है और मतदाताओं की पहचान तथा फॉर्म भरने की प्रक्रिया को सुनिश्चित कर रही है। अधिकारी-बीएलओ मतदाता जागरूकता, फॉर्म वितरण, डिजिटल सहायता और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में समन्वय कर रहे हैं, जिससे एसआईआर कार्य समय पर और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।