अवैध हूटर-लाल बत्ती पर चलेगा सख्त डंडा, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने मैदान में पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़

-यातायात नियम तोडऩे वालों पर विशेष अभियान, हेलमेट-रेड लाइट उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
-उत्कृष्ट वर्दी पहनने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को हर माह मिलेगा 1000 रुपये का पुरस्कार
-अवैध कट बंद होंगे, इंटरसेप्टर वाहन बढ़ेंगे, कांवड़ यात्रा से पहले ट्रैफिक सिस्टम होगा मजबूत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और अनुशासित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने का फैसला किया है। वाहनों पर अवैध रूप से लगाए जा रहे हूटर, लाल और नीली बत्ती के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क सुरक्षा को मजबूत किया जा सके। बुधवार को पुलिस मुख्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित यातायात समीक्षा बैठक में पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था एवं यातायात राज करन नैय्यर, पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सहित सभी यातायात निरीक्षक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने कहा कि कई वाहन चालक बिना अनुमति के हूटर और लाल-नीली बत्ती का उपयोग कर रहे हैं, जिससे आम जनता में भ्रम की स्थिति पैदा होती है और यातायात अनुशासन प्रभावित होता है।

ऐसे सभी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बिना हेलमेट वाहन चलाना, रेड लाइट जम्प करना, तीन सवारी बैठाना तथा अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी सख्ती बरती जाएगी।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से एनएच-9 और एलिवेटेड रोड पर इंटरसेप्टर चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों की तैनाती बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यातायात प्रवर्तन के साथ-साथ जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। ट्रैफिक वॉलंटियर फोर्स के सदस्यों को रिफ्लेक्टिव जैकेट और कैप उपलब्ध कराई जाएंगी तथा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष रैली आयोजित की जाएगी। आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए डिजिटल वॉलंटियर फोर्स के साथ ट्रैफिक वॉलंटियर फोर्स की भी ड्यूटी लगाई जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था मिल सके। बैठक में क्रेन एवं टोइंग व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया गया।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई क्रेनों के माध्यम से ही वाहनों की टोइंग कार्रवाई की जाएगी और निर्धारित शुल्क संबंधित विभागों द्वारा वसूला जाएगा। प्रत्येक क्रेन पर सहयोग के लिए एक यातायात पुलिसकर्मी की तैनाती भी की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने यातायात पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि एक्स हैंडल पर फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए स्कूल बसों, औद्योगिक इकाइयों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक प्रचार किया जाए तथा प्रतिदिन यातायात जागरूकता संबंधी पोस्ट साझा की जाएं। सड़क सुरक्षा के मद्देनजर अवैध कटों की पहचान और उन्हें बंद कराने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। सभी यातायात निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों और व्यस्त मार्गों के आसपास बने अवैध कट चिन्हित कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

राजनगर एक्सटेंशन से लेकर भोपुरा-लोनी तिराहा मार्ग तक अवैध कट बंद किए जाएंगे तथा डिवाइडर की ऊंचाई बढ़ाकर दुर्घटनाओं को कम करने की योजना बनाई गई है। यातायात पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुलिस कमिश्नर ने नई पहल की घोषणा भी की। उत्कृष्ट वर्दी धारण करने वाले एक उपनिरीक्षक, एक मुख्य आरक्षी और एक आरक्षी को हर माह 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। चयनित पुलिसकर्मियों के फोटो पूरे महीने यातायात कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे अन्य कर्मियों को भी प्रेरणा मिले। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और समन्वित प्रयासों के माध्यम से जनसुरक्षा, यातायात सुगमता और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रशासन का उद्देश्य स्पष्ट है-सुरक्षित सड़कें, अनुशासित यातायात और जिम्मेदार नागरिक सहभागिता।