- नशा मुक्ति अभियान तेज: युवाओं को जागरूक करने के निर्देश
- नशा मुक्ति अभियान को मिलेगा और अधिक बल, शिल्प हाट नोएडा से चलेगा बड़ा जनजागरूकता अभियान
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक शिल्प हाट, सेक्टर-33ए, नोएडा में आयोजित हुई। बैठक में युवाओं को नशे से बचाने और जनसामान्य को जागरूक करने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि नशे की लत युवाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही है, जिसे रोकने के लिए जनपद में व्यापक स्तर पर नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, विश्वविद्यालयों, अन्य शिक्षण संस्थानों, आरडब्ल्यूए सोसाइटी और स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। जनपद में नशीले पदार्थों के स्रोतों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर बड़े स्तर पर प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अवैध नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। शिल्प हाट नोएडा के मंच से छात्र-छात्राओं और आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा। प्रशासन की इस मुहिम से जिले में नशे के खिलाफ एक सख्त अभियान छेड़ा जाएगा, जिससे युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नशे की रोकथाम और नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव, तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की डॉ. श्वेता खुराना, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
स्कूल-कॉलेज होंगे नशा मुक्त, शपथ पत्र लेना होगा अनिवार्य
जनपद के सभी स्कूल और कॉलेजों से शपथ पत्र लिया जाएगा कि उनका कैंपस पूरी तरह नशा मुक्त है। शपथ पत्र देने वाले शिक्षण संस्थानों को सम्मानित भी किया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
युवाओं को नशे से बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति विशेष को नहीं, बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है। इसे रोकने के लिए जनपद में व्यापक स्तर पर नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा, जिसमें शिक्षण संस्थानों, आरडब्ल्यूए, स्वयंसेवी संगठनों और समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जनपद के सभी स्कूलों और कॉलेजों को शपथ पत्र देना होगा कि उनका कैंपस पूरी तरह नशा मुक्त है। जो संस्थान इस मुहिम में सहयोग करेंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। अवैध नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर नशीले पदार्थों की आपूर्ति और वितरण पर प्रभावी रोक लगाएं। शिल्प हाट नोएडा के मंच से बड़े स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा सके। समाज के हर व्यक्ति को इस मुहिम का हिस्सा बनना चाहिए, ताकि हम एक नशा मुक्त जनपद बना सकें।
हमारा लक्ष्य जिले को नशा मुक्त बनाना
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, सोसाइटी और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के लिए सेमिनार, पोस्टर अभियान, नुक्कड़ नाटक और वर्कशॉप कराए जा रहे हैं। जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से छापेमारी अभियान तेज किया गया है और कई मामलों में कार्रवाई की गई है। शिल्प हाट नोएडा से बड़े स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर नशे के विरुद्ध एक मजबूत संदेश दिया जाएगा। हमारा लक्ष्य जिले को नशा मुक्त बनाना है। सभी नागरिकों का सहयोग इस मुहिम को सफल बना सकता है।


















