4380 मीटर सड़क का सपना जल्द होगा पूरा: जीडीए अधिग्रहण प्रक्रिया में हुआ सक्रिय

-जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने अधिकारियों को दी निर्देशों की सख्त हिदायत
-सड़क निर्माण से बंधा रोड पर ट्रैफिक का दबाव होगा कम और आवागमन सुगम
-टेंडर प्रक्रिया पूरी, जमीन मिलते ही निर्माण कार्य तुरंत शुरू होगा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन से गांव सिकरोड़ तक निर्मित होने वाली 45 मीटर चौड़ी सड़क के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अब बाकी बची जमीन के अधिग्रहण की कार्रवाई प्राथमिकता पर पूरा करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में शनिवार को जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने अपने कार्यालय में अभियंत्रण अनुभाग और भू-अर्जन अनुभाग के अधिकारियों, साथ ही तहसीलदार विवेक मिश्रा के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिकरोड़ गांव की अवशेष भूमि का अधिग्रहण तेजी से किया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को मार्ग संख्या ए-6 और ए-7 की वर्तमान प्रगति और लंबाई के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मार्ग संख्या ए-6, जो राजनगर एक्सटेंशन से सिकरोड़ गांव तक जाती है, इसकी कुल लंबाई 4380 मीटर है। इसमें से 1800 मीटर सड़क का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है। शेष 2580 मीटर में से 900 मीटर सड़क निर्माण के लिए बॉन्ड तैयार हैं। वहीं, मार्ग संख्या ए-7, जो मेरठ रोड से मार्ग ए-6 तक जाता है, इसकी कुल लंबाई 2100 मीटर है, जिसमें 1500 मीटर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष 600 मीटर सड़क निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण आवश्यक है।

उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने भू-अर्जन अनुभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि अवशेष भूमि का अधिग्रहण प्राथमिकता पर पूरा किया जाए, ताकि सड़क निर्माण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद बंधा रोड पर होने वाले ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा और आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए आवागमन अधिक सुविधाजनक हो जाएगा। बैठक में अभियंत्रण अनुभाग के इंजीनियरों ने जीडीए उपाध्यक्ष को अवगत कराया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जमीन अधिग्रहण होते ही निर्माण कार्य तुरंत शुरू किया जा सकेगा। इस प्रगति से क्षेत्रवासियों में सड़क निर्माण को लेकर उम्मीद और उत्साह दोनों बढ़ गए हैं।

उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि सड़क का निर्माण न केवल यातायात को सुचारू करेगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्र के विकास को भी गति देगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिग्रहण प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयसीमा के अनुसार पूरा हो। राजनगर एक्सटेंशन से सिकरोड़ तक बनने वाली यह 45 मीटर चौड़ी सड़क शहर की यातायात व्यवस्था और आसपास के क्षेत्रों के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अधिग्रहण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा और सड़क निर्माण का कार्य बिना किसी रुकावट के प्रारंभ किया जाएगा। इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट से गाजियाबाद की सड़कें और परिवहन नेटवर्क अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक बनेंगे, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और शहर के ट्रैफिक दबाव में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।