-यमुना सिटी में कंपनियां 3250 करोड़ का निवेश करेंगी और छह हजार को रोजगार देंगी
-‘निवेश मित्र 3.0’ सिंगल विंडो सिस्टम का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारंभ
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में तीन प्रमुख कंपनियों को प्लॉट आवंटन पत्र सौंप दिए। ये आवंटन यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अंतर्गत विकसित यमुना सिटी क्षेत्र में किए गए हैं। कंपनियां यहां पर 3250 करोड़ का निवेश करेंगी। इस मौके पर यीडा के सीईओ आरके सिंह भी मौजूद रहे। यह आवंटन ‘निवेश मित्र 3.0’ सिंगल विंडो सिस्टम के शुभारंभ के अवसर पर किया गया। इस पहल का उद्देश्य निवेश प्रक्रिया को सरल बनाना और औद्योगिक परियोजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारना है। आवंटित कंपनियों में एस्कॉट कुबोटा लिमिटेड को सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर के कलपुर्जों के निर्माण के लिए यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना में लगभग 2029 करोड़ रुपये का निवेश होगा और करीब 4000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
इसके अलावा सीएचएन इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-8डी में 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। यह कंपनी यहां ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिसमें लगभग 1219.81 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 1200 लोगों को रोजगार मिलेगा।तीसरी कंपनी सन ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-8डी में करीब साढ़े सात एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी यहां ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट लगाएगी। इस परियोजना में 225.16 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 569 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यीडा के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि जल्द ही इन कंपनियों को आवंटित भूखंडों का कब्जा सौंप दिया जाएगा, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके। इन निवेश परियोजनाओं से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा।
‘निवेश मित्र 3.0’ सिंगल विंडो सिस्टम के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश ने बीते 9 वर्षों में पारदर्शी नीतियों, सख्त कानून-व्यवस्था, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग-अनुकूल माहौल के जरिए अपनी पहचान को पूरी तरह बदला है। आज उत्तर प्रदेश न केवल निवेशकों के लिए सुरक्षित गंतव्य बना है, बल्कि यहां उन्हें स्केलेबल बिजनेस के लिए अनुकूल इकोसिस्टम, विशाल उपभोक्ता बाजार, कुशल युवा मानव संसाधन और सीमलेस कनेक्टिविटी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं एक साथ उपलब्ध हो रही हैं। यही कारण है कि जो निवेशक पहले प्रदेश आने से हिचकते थे, आज वही यहां निवेश के लिए आगे आ रहे हैं और उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित कर रहे हैं।
50,000 करोड़ निवेश, 50 हजार रोजगार की संभावना
मुख्यमंत्री ने 45 कंपनियों को इंसेंटिव वितरण और 62 कंपनियों को लेटर ऑफ कंफर्ट (एलओसी) प्रदान किए जाने को प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों के माध्यम से लगभग ₹50,000 करोड़ निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिससे करीब 50 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने सभी उद्यमियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार एमओयू के बाद तेजी से ग्राउंडब्रेकिंग, निवेश से जुड़े छोटे-छोटे मुद्दों के त्वरित समाधान और उद्योगों के लिए बेहतर माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उद्यमियों का विश्वास ही विकास की असली ताकत है और उस पर खरा उतरते हुए उत्तर प्रदेश को निवेश, रोजगार और औद्योगिक प्रगति का अग्रणी केंद्र बनाया जाएगा।
निजी बिजनेस पार्क नीति और स्किल कनेक्ट से बढ़ेगा निवेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण पहलें की हैं। इसी क्रम में कैबिनेट द्वारा निजी बिजनेस पार्क नीति को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत अब कोई भी निवेशक बिजनेस पार्क विकसित कर प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर उद्योगों को आगे बढ़ा सकेगा। इस मॉडल में सरकारी भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि निवेशक अपना निवेश करेंगे और रेवेन्यू शेयर व्यवस्था के तहत पारदर्शी तरीके से लाभ का बंटवारा होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं होगा, जिससे निवेशकों को सुगम और सुरक्षित माहौल मिल सके। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, आईटी एंड इलेक्ट्रॉनिक विभाग के मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्य मंत्री औद्योगिक विकास जसवंत सैनी, प्रदेश के अवस्थापना औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्यान बाबूलाल मीणा, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार उपस्थित रहे।
















