हर घर तिरंगा, हर दिल में देशभक्ति: स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ का आह्वान

-जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, घर-घर तिरंगा फहराने के दिए निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को लेकर गाजियाबाद जिले में देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारियों को धार दी जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में ‘हर घर तिरंगाÓ अभियान को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर घर, हर कार्यालय और हर संस्थान में तिरंगा झंडा अनिवार्य रूप से लगाया जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम की जनजागृति का माध्यम होना चाहिए। 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर पर तिरंगा फहराना अनिवार्य किया गया है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा सहित पुलिस व शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

सभी को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों, स्कूलों, नगर निकायों व सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा लहराने की पूरी तैयारी की जाए। डीएम ने कहा कि इस अभियान को युवाओं, स्कूली बच्चों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से जनांदोलन का स्वरूप दिया जाए। एनएसएस, एनसीसी, सिविल डिफेंस व स्वयंसेवी संस्थाओं को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जोड़ा जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तिरंगा झंडा लगाने में राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन हो। सभी को इस बारे में पूर्व जानकारी व प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि झंडे का कोई भी अपमान न हो।

बैठक में काकोरी ट्रेन एक्शन, तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला, बाइक रैली, तिरंगा राखी निर्माण कार्यशाला, पोस्टर प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध लेखन, गोष्ठी व अन्य आयोजनों की रूपरेखा भी तय की गई। इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जीवंत करना होगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सोशल मीडिया, बैनर-पोस्टर, वीडियो संदेश, जागरूकता रैलियों जैसे माध्यमों से हर नागरिक को अभियान से जोड़ा जाए। हर गली, मोहल्ला और कॉलोनी में तिरंगे की शान के गीत गूंजने चाहिए।