लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनहित सर्वोपरि: जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ का सख्त संदेश, प्रशासनिक ढिलाई पर होगी कड़ी कार्रवाई

– कार्यों में अनुशासन और समयबद्धता अनिवार्य, आवेदकों से हो संवेदनशील व्यवहार
– शिकायतों के समाधान में हो गुणवत्ता, संख्या नहीं संतोष हो प्राथमिकता
– स्वच्छता और पारदर्शिता से ही बनेगा कुशल प्रशासनिक तंत्र

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिला प्रशासन अब पूरी तरह सतर्क और जवाबदेह मोड में है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को दो टूक संदेश दिया गया कार्यों में शिथिलता और लापरवाही अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न छोड़ा जाए। उन्होंने अधिकारियों को आवेदकों से मधुर और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करते हुए हर कार्य को नियमों के अनुरूप, पारदर्शी व समयबद्ध ढंग से निपटाने की सख्त हिदायत दी। श्री मांदड़ ने कहा कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी जनहित से जुड़े दायित्वों में कोताही बरतेगा, उस पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है। विशेषकर फील्ड वर्क में ईमानदारी, निष्ठा और सक्रियता अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा का मूल धर्म ही जनसेवा है और इसमें कोई लापरवाही न क्षम्य है, न स्वीकार्य।

आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि केवल आंकड़ों में निस्तारण दिखाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता को समाधान से संतुष्टि होनी चाहिए। उन्होंने कोर्ट से जुड़े लंबित मामलों को भी शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। बैठक में श्री मांदड़ ने कार्यालयों में स्वच्छता को अनिवार्य बताते हुए कहा कि एक साफ-सुथरा, व्यवस्थित कार्यस्थल कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि करता है और आम जनता में प्रशासन के प्रति सकारात्मक संदेश देता है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी स्मरण कराया कि आवेदकों और आम जन से सौम्य, विनम्र और संवेदनशील व्यवहार प्रशासन की छवि को निखारता है।

जनपद में ऐसे व्यवहार की स्थापना प्रशासनिक प्राथमिकता होनी चाहिए। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदारों समेत राजस्व विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के समापन पर जिलाधिकारी ने दोहराया कि जनहित के किसी भी कार्य में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी और अच्छे कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। बैठक में एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, एडीएम एलए विवेक मिश्रा, एसडीएम, तहसीलदार,राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।