-जीडीए की सख्त कार्रवाई में तीन अनाधिकृत कॉलोनियों को किया गया तहस-नहस
-अवैध प्लाटिंग, सड़कों की मिट्टी भराई और बाउंड्रीवाल सहित साइट ऑफिस भी नष्ट
-जनता से अवैध भूखंड खरीदने से बचने की अपील
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मोदीनगर क्षेत्र के अबूपुर, सीकरी कला और काजमपुर गांव के पास गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने 35 बीघा क्षेत्र में बनी तीन अवैध कॉलोनियों को शुक्रवार को बुलडोजर के माध्यम से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के कड़े निर्देशों के तहत की गई, जिनका मकसद क्षेत्र में अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को जड़ से खत्म करना है। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता विनय वर्मा, अवर अभियंता धनंजय मौर्य, अर्जुन यादव और जीडीए पुलिस बल की उपस्थिति में तीनों अवैध कॉलोनियों की सड़कों की मिट्टी भराई, चिनाई, भूखंडों की बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस सहित अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।
निवाड़ी क्षेत्र के अबूपुर गांव में खसरा संख्या 224 पर लगभग 10 बीघा भूमि पर मलकीत सिंह, ब्रजेश शर्मा और अरूण तोमर द्वारा अनाधिकृत कॉलोनी बनाई जा रही थी। वहीं, मोदीनगर के काजमपुर गांव में खसरा संख्या 99/1 पर लगभग 10 बीघा भूमि में सतीश शर्मा, केशव शर्मा और बबीता तथा सीकरी कला गांव के खसरा संख्या 423 व 472 पर लगभग 15 बीघा भूमि पर अजय कुमार, ओमवीर शर्मा और अमित गुप्ता द्वारा अवैध कॉलोनी निर्माण कार्य चल रहा था।
जैसे ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई, कॉलोनाइजरों और निर्माणकर्ताओं ने विरोध जताया, लेकिन जीडीए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ उन्हें मौके से खदेड़ दिया। इसके बाद नियंत्रित तरीके से बुलडोजर चलाकर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जीडीए ने लोगों से अपील की है कि वे अनाधिकृत कॉलोनियों में भूखंडों की खरीद-फरोख्त करने से बचें, क्योंकि ऐसे सौदों में धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान का खतरा रहता है। जीडीए ने साफ किया है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि क्षेत्र का नियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
















