• 24 से 26 जनवरी तक सांस्कृतिक, खेल और जनकल्याण कार्यक्रमों की श्रृंखला
• उत्कृष्ट नागरिकों, उद्यमियों और कलाकारों को किया जाएगा सम्मानित
• जनभागीदारी और विभागीय स्टॉल के माध्यम से योजनाओं की प्रभावी जानकारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 24 से 26 जनवरी 2026 तक उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया जाएगा। गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां समयबद्ध, सुनियोजित और विभागीय समन्वय के साथ की जा रही हैं, ताकि यह कार्यक्रम जनसहभागिता का एक प्रभावी मंच बन सके। सीडीओ अभिनव गोपाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का मुख्य समारोह 24 जनवरी को प्रात: 11 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, नेहरू नगर में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 24 से 26 जनवरी तक जिले के विभिन्न स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, संगोष्ठी, रोड-शो, प्रतियोगिताएं और सम्मान समारोह आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, सामाजिक विकास और प्रशासनिक उपलब्धियों को एक साथ प्रदर्शित करेगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती से प्रारंभ होगी। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस का मुख्य समारोह, 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस एवं मतदाता जागरूकता दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा। इस दौरान लखनऊ में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम का सूचना विभाग द्वारा सजीव प्रसारण किया जाएगा, जिसके पश्चात गाजियाबाद में जिला स्तरीय कार्यक्रम संपन्न होंगे। सीडीओ अभिनव गोपाल की कार्यशैली की विशेषता यह रही कि उन्होंने आयोजन को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी से जोडऩे पर जोर दिया। युवा कल्याण विभाग द्वारा 12 से 23 जनवरी तक खेलकूद एवं युवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके विजेताओं को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
वहीं नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा 12 से 26 जनवरी तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी ग्राम पंचायतों और नगर निकायों को शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर जनपद के उत्कृष्ट उद्यमियों, खिलाडिय़ों, सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान देने वाले कलाकारों, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, चिकित्सकों, प्रगतिशील किसानों, वैज्ञानिकों तथा विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। सीडीओ ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और प्रेरणा का माध्यम बनते हैं। आयोजन स्थल पर 25 विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से पर्यटन, समाज कल्याण, उद्योग, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांगजन कल्याण, बैंकिंग, खादी एवं ग्रामोद्योग, स्वयं रोजगार सहित विभिन्न विभाग अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित करेंगे। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे 23 जनवरी की शाम तक अपने स्टॉल पूर्ण कर 24 जनवरी सुबह 9 बजे तक तैयार रखें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र और लाभ वितरण भी किया जाएगा। इनमें फार्मर रजिस्ट्री, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, विश्वकर्मा योजना, पीएम शहरी आवास योजना, एनआरएलएम, खादी ग्रामोद्योग, युवा सशक्तिकरण योजना और स्वास्थ्य विभाग की योजनाएं प्रमुख हैं। सीडीओ अभिनव गोपाल ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस विभाग को सौंपी गई है, जबकि स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चिकित्सकों की टीम और एम्बुलेंस की तैनाती की जाएगी।
मंच संचालन, सजावट, प्रकाश, ध्वनि, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी सहित सभी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि यह आयोजन प्रदेश की उपलब्धियों, योजनाओं और भविष्य की दिशा को प्रदर्शित करने वाला एक सशक्त मंच बन सके। सीडीओ की सक्रिय, समन्वयपूर्ण और परिणामोन्मुख कार्यशैली के चलते उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को गाजियाबाद में एक यादगार और सफल आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।















