ग्रामीणों को मिलेगा मुफ्त दंत उपचार: मुरादनगर सीएचसी में आईटीएस डेंटल कॉलेज का सैटेलाइट क्लीनिक शुरू

-मुख्य अतिथि राजीव त्यागी एवं चिकित्सा अधिकारियों ने किया शुभारंभ
-हर माह सैकड़ों मरीजों को मिलेगा लाभ, शहरी-ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा के बीच की दूरी होगी कम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ रोड़ स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज, मुरादनगर द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी), मुरादनगर में सैटेलाइट डेन्टल क्लीनिक की स्थापना कर एक सराहनीय सामाजिक पहल की शुरुआत की गई। इस क्लीनिक का उद्घाटन मंगलवार को एक गरिमामयी समारोह में किया गया, जिसमें स्वास्थ्य एवं स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। इस सैटेलाइट डेन्टल क्लीनिक का उद्घाटन मुख्य अतिथि राजीव त्यागी (ब्लॉक प्रमुख), डॉ. सुशील कुमार (अधीक्षक, सीएचसी), डॉ. अनुज सिंह, डॉ. नवनीत कौशिक, एवं डॉ. रवि शर्मा (चिकित्सा अधिकारी) द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने इस पहल को स्वास्थ्य सेवाओं के लोकतंत्रीकरण की दिशा में अहम कदम बताया।

आईटीएस डेंटल कॉलेज के वरिष्ठ प्रशिक्षित दंत चिकित्सकों की निगरानी में यह क्लीनिक संचालित होगा, जो हर महीने सैकड़ों रोगियों को मौखिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सक्षम है। दांतों की सामान्य जांच, सफाई (स्केलिंग), फिलिंग, रूट कैनाल ट्रीटमेंट, डेन्चर निर्माण, सहित अन्य उपचारात्मक सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध होंगी। संस्थान की यह पहल कम्युनिटी आउटरीच मॉडल का एक सफल उदाहरण है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्य सेवाओं के बीच के फासले को पाटना है। यह क्लीनिक न केवल उपचार प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र में मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी फैलाएगा, जिससे दंत समस्याओं की रोकथाम और शीघ्र निदान संभव हो सकेगा।

इस अवसर पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ सदस्य, आईटीएस डेंटल कॉलेज के प्रतिनिधि, एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह क्लीनिक क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का नया आयाम जोड़ने वाला साबित होगा। आईटीएस डेंटल कॉलेज द्वारा यह पहल संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता और स्वास्थ्य सेवा के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाती है। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में यह कदम न केवल संस्थान की साख को मजबूत करेगा, बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज निर्माण में भी बड़ी भूमिका निभाएगा।