महंगे दामों में बेचने के लिए हरियाणा से कर रहा था शराब तस्करी, गिरफ्तार

शराब तस्करों का सूपड़ा साफ करने के लिए मैदान में उतरी आबकारी विभाग की टीम

गौतमबुद्ध नगर। जिले में शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम एक्शन में आ गई है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत अन्य राज्यों से होने वाली शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए हाईवे, ढाबा, रेस्टोरेंट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड पर चेकिंग की जा रही है। जिससे बाहरी राज्यों में होने वाली शराब तस्करी को रोका जा सकें। साथ ही दूर-दराज बस व ट्रेन में सफर कर रहे लोगों के सामानों की भी जांच की जा रही है। इसके तहत अब जेल से जमानत पर छूटे शराब तस्करों के घर जाकर भी जांच कर रही है कि शराब तस्कर मुख्यधारा से जुड़े हैं या नहीं। शराब तस्करों का सूपड़ा साफ करने के लिए आबकारी विभाग की टीम रोज नए-नए कदम उठाती नजर आती है।

जिसका असर यह है कि जिस गौतमबुद्ध नगर को शराब माफिया पहले तस्करी का सबसे सुरक्षित अड्डा समझते थे, वहीं गौतमबुद्ध नगर आज उनके लिए सबसे खतरनाक साबित होता नजर आ रहा है। यह सब जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में गठित आबकारी विभाग के टीम वर्क से संभव होता नजर आया है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की मुहिम और तेज हो गई है। प्रतिदिन अभियान चलाकर हर दिन नई रणनीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब हेा कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश एवं हाईवे पर संचालित ढाबों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा बाहरी राज्यों से शराब लाने वालों पर नजर बनाए हुए है। आबकारी विभाग समय-समय पर रूटीन चेकिंग के क्रम में इस बात की तस्दीक करता है कि सभी शराब की दुकान के लाइसेंस धारक विभाग की ओर से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित करें।


इसी के साथ आबकारी विभाग की टीम ने एक हरियाणा शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर हरियाणा से शराब तस्करी कर क्षेत्र में महंगे दामों में बेचता था।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए जनपद में लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। बुधवार रात को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय एवं थाना जारचा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध स्थलों पर दबिश की गई। दबिश के दौरान रसूलपुर से एनटीपीसी की तरफ जाने वाले रास्ते के पास से हरियाणा शराब की तस्करी कर रहे दिनेश पुत्र प्रकाश निवासी जारचा को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से हरियाणा मार्का 50 पौवे इम्पैक्ट ग्रेन व्हिस्की बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर हरियाणा से शराब तस्करी जारचा क्षेत्र में महंगे दामों में बेचता था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत अन्य राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है।


जिला आबकारी अधिकारी ने बताया जनपद को शराब तस्करों के कब्जे से मुक्त रखने की मुहिम निरंतर चलाई जा रही है। इसमें कामयाबी भी मिल रही है। सभी आबकारी निरीक्षक गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। आबकारी निरीक्षकों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं ताकि शराब तस्करों की बदली रणनीति को नाकाम किया जा सके। इसके अलावा आबकारी निरीक्षकों द्वारा जनपद में संचालित, मॉडल शॉप, देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुज्ञापन (मदिरा एवं बीयर की दूकान) पर संचित स्टॉक का सत्यापन किया गया। जिसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को नियमानुसार दुकानों को संचालित करने के लिए निर्देशित किया गया।