-आवंटियों की सुविधाओं के लिए जीडीए की बड़ी पहल, उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर शुरू हुई तैयारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) अब मधुबन-बापूधाम योजना के आवंटियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए हर पॉकेट में आधुनिक कम्यूनिटी सेंटर बनाने जा रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर इस योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया गया है। शुरुआत में डी पॉकेट में कम्यूनिटी सेंटर विकसित किया जा चुका है, जबकि अब एफ पॉकेट में नए सेंटर के निर्माण की तैयारी है। इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और निर्माण का खाका भी तैयार किया जा रहा है। मधुबन-बापूधाम योजना में करीब छह पॉकेट हैं, जिनमें कम्यूनिटी सेंटरों के लिए कुल 2,282 वर्गमीटर भूमि को चिन्हित किया गया है। इन कम्यूनिटी सेंटरों का निर्माण होने के बाद आवंटियों को जरूरत का सामान बाहर से खरीदने नहीं जाना पड़ेगा। सभी आवश्यक वस्तुएं और सुविधाएं उन्हें अपने पॉकेट में ही मिल जाएंगी।
जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कम्यूनिटी सेंटर तीन मंजिला भवन के रूप में तैयार किए जाएंगे। भूतल पर दुकानों और व्यवसायिक गतिविधियों के लिए स्थान होगा। दूसरे और तीसरे तल पर पार्टी हॉल, छात्रों व कामकाजी लोगों के लिए हॉस्टल तथा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए हॉल बनाए जाएंगे। यहां बैंक, पोस्ट ऑफिस और सरकारी कार्यालयों जैसी जनसुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इन कम्यूनिटी सेंटरों के निर्माण पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जीडीए की ओर से इसके लिए 16वें वित्त आयोग फंड से स्वीकृति हेतु शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से फंड मंजूर होने के बाद काम को और गति दी जाएगी। जीडीए की योजना है कि मधुबन-बापूधाम के सभी छह पॉकेट में ऐसे कम्यूनिटी सेंटर बनाए जाएं ताकि आवंटियों को दैनिक जरूरतों और सामाजिक आयोजनों के लिए दूर न जाना पड़े। अभी तक डी पॉकेट में कम्यूनिटी सेंटर तैयार है और अब अगला निर्माण एफ पॉकेट में होगा। इसी तर्ज पर आगे अन्य पॉकेटों में भी सेंटर बनाए जाएंगे।
















