यमुना प्राधिकरण की टीम ने किया राजस्थान के जापानी औद्योगिक पार्क का दौरा

  • यमुना प्राधिकरण ने सीखा नीमराना मॉडल, यूपी में बनेगा जापानी औद्योगिक शहर
  • जापानी औद्योगिक पार्क की योजना, प्रबंधन और निवेश मॉडल का किया गया गहन अध्ययन
  • जापानी कंपनियों की जरूरतों के अनुरूप यूपी में बनेगा विश्वस्तरीय औद्योगिक पार्क

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राजस्थान के नीमराना स्थित राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (आरआईआईसीओ) का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य नीमराना में स्थापित जापानी औद्योगिक पार्क की सफल योजना, संचालन और प्रबंधन मॉडल का गहन अध्ययन करना था, ताकि उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित जापानी औद्योगिक शहर के विकास में इन सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाया जा सके। प्रतिनिधिमंडल में यीडा के अतिरिक्त सीईओ शैलेंद्र कुमार भाटिया, ईपीसीएमडी-भारत के कार्यकारी निदेशक, आरआईआईसीओ के डीजीएम संजय बगडिय़ा तथा परामर्श एजेंसी अर्न्स्ट एंड यंग (ईवाई) के प्रतिनिधि शामिल थे। बैठक की अध्यक्षता आरके सिंह व सह-अध्यक्षता शैलेंद्र कुमार भाटिया ने की। आरआईआईसीओ के अधिकारियों ने नीमराना जापानी औद्योगिक क्षेत्र के विकास, संचालन और निवेश आकर्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी।

प्रस्तुति में भूमि आवंटन और जोनिंग की प्रक्रिया, जापानी निवेशकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित की गई अवसंरचना, तथा उद्योगों को प्रदान किए जाने वाले विशेष वित्तीय और प्रशासनिक प्रोत्साहनों की जानकारी साझा की गई। चर्चा के दौरान जापानी कंपनियों की विशिष्ट रसद, उपयोगिता सेवाओं, बिजली, जल आपूर्ति और अपशिष्ट प्रबंधन जैसी अपेक्षाओं पर भी विस्तार से विचार किया गया। इसके साथ ही इस बात पर मंथन हुआ कि किस प्रकार  ‘नीमराना मॉडल’ को आधार बनाकर उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित जापानी औद्योगिक पार्क की मास्टर प्लानिंग को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार ढाला जा सकता है। तकनीकी सत्र के बाद यीडा प्रतिनिधिमंडल ने जापानी औद्योगिक पार्क का स्थलीय भ्रमण किया और वहां की अवसंरचना, सड़क नेटवर्क, उपयोगिता प्रबंधन और औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

सीईओ आरके सिंह ने कहा कि राजस्थान सरकार और आरआईआईसीओ द्वारा साझा की गई जानकारियां और अनुभव यीडा क्षेत्र में विश्वस्तरीय जापानी औद्योगिक पार्क विकसित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में और मजबूती मिलेगी। दौरे के समापन पर यीडा नेतृत्व ने आरआईआईसीओ का आभार व्यक्त किया और इसे औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अंतरराज्यीय सहयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। साथ ही, प्रतिनिधिमंडल ने यीडा की मास्टर प्लानिंग, औद्योगिक क्लस्टर आधारित विकास और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे व जेवर क्षेत्र के माध्यम से बहुआयामी कनेक्टिविटी की योजनाओं की भी जानकारी साझा की।