जनपद को नशा-मुक्त बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए: विकास कश्यप

-ड्रग तस्करी के खिलाफ प्रशासन का महाअभियान, हर विभाग की जिम्मेदारी तय
-इंटेलिजेंस नेटवर्क सक्रिय कर ड्रग माफियाओं की पहचान तेज होगी
-मेडिकल स्टोरों की सघन जांच, बिना लाइसेंस दवा बिक्री पर कार्रवाई
-बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सख्त चेकिंग के निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से एडीएम सिटी कार्यालय, कलेक्ट्रेट में सोमवार को नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता एडीएम सिटी विकास कश्यप ने की। एडीएम सिटी ने कहा कि जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, खरीद-फरोख्त और ड्रग तस्करी के विरुद्ध अभियान को और अधिक तेज करने की आवश्यकता है। उन्होंने सतर्कता एवं इंटेलिजेंस तंत्र को मजबूत करने तथा अंतर्राज्यीय सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद की सुरक्षा और विकास के लिए सीमा प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे अभियान के रूप में लागू किया जाना चाहिए।

एडीएम सिटी ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय स्थापित कर ड्रग माफियाओं के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया। साथ ही विद्यालयों के आसपास गुटखा, सिगरेट आदि की बिक्री पर रोक लगाने तथा छात्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए वाद-विवाद, चित्रकला, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए। जीआरपी, आरटीओ और परिवहन विभाग को रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया ताकि नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों को पकड़ा जा सके। ड्रग इंस्पेक्टर को मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर बिना लाइसेंस नारकोटिक्स रखने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही कोडीन की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया। यूपीएसआरटीसी गाजियाबाद के अधिकारियों को बस स्टॉप और बस स्टैंड के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री रोकने हेतु दिशा-निर्देशों को पुलिस और संबंधित विभागों के साथ साझा करने को कहा गया। आगामी बैठकों में उच्च शिक्षा विभाग और श्रम विभाग के प्रतिनिधियों को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के मद्देनजर विशेष अभियान चलाने पर जोर देते हुए एडीएम सिटी ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नारकोटिक्स सेल, खाद्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग और यातायात विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।