गाजियाबाद। थाना भोजपुर पुलिस, एसओजी टीम और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मुठभेड़ में 2 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए इन बदमाशों ने गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जबावी कार्रवाई की। ऐसे में दोनों बदमाश घायल हो गए। जिन्हें दबोच लिया गया। आरोपियों के खिलाफ कई संगीन मामले पुलिस में दर्ज हैं। मुखबिर से सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पकड़े गये आरोपी शातिर किस्म के है, जिन्होंने किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति की हत्या के लिए सुपारी ली हुई थी और उसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से किसी से मिलने आए थे। मगर पुलिस की टीम ने समय रहते आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
थाना भोजपुर पुलिस, एसओजी टीम और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की संयुक्त टीम के साथ बाइक सवार 2 बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। दोनों बदमाश बगैर नंबर की बाइक पर सवार होकर भोजपुर में घूम रहे थे। इस बीच पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू किया। किलौडा बॉर्डर रोड की तरफ के मार्ग पर 2 संदिग्ध सवार को देखकर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। ऐसे में आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस से बचकर भागने की कोशिश में कुछ दूरी पर बदमाशों की बाइक फिसल कर गिर गई।
इसके बावजूद बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी। इस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चला दी। बाद में पुलिस ने किशोर उर्फ शेट्टी पुत्र भरत प्रसाद निवासी जबलपुर मध्य प्रदेश और सोनू वर्मा पुत्र शिव कुमार निवासी डीएलएफ अंकुर विहार नॉर्थ ईस्ट नई दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि किशोर उर्फ शेट्टी और सोनू वर्मा 5 माह पहले दिल्ली से पैरोल पर जेल से छूटे है, जिनकी जल्द ही पैरोल खत्म होने वाली थी। दोनों बदमाश फिलहाल मोदीनगर में रह रहे थे। जो कि शातिर किस्म के अपराधी है। जिनके के खिलाफ लूट, हत्या एवं हत्या का प्रयास आदि के 2 दर्जन मामले दिल्ली एवं गाजियाबाद में दर्ज हैं। आरोपियों ने वर्ष 2019 में 60 लाख रूपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आज भी किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति की हत्या की फिराक में थे। जिसके लिए यह किसी से मिलने वाले थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने बगैर नंबर की बाइक, 2 तमंचे, 3 जिंदा कारतूस, 3 खोखा कारतूस व मोबाइल बरामद किया है।
















