-नगर निगम ने भवन स्वामियों के लिए बढ़ाई एक और सुविधा
गाजियाबाद। नगर निगम ने शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखकर एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके अंतर्गत अब डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन यूजर चार्ज ऑनलाइन जमा कराया जा सकेगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगा। यूजर चार्ज जमा कराने के लिए उन्हें नगर निगम के जोनल कार्यालय में नहीं जाना पड़ेगा। नगर निगम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन जमा करने की सुविधा पहले से उपलब्ध कराई जा चुकी है। इस सुविधा का लोग फायदा भी उठा रहे हैं। इसी क्रम में अब डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन यूजर चार्ज को भी जमा करने के लिए ऑनलाइन सुविधा लागू कर दी गई है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा के मुताबिक मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में शहरवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन यूजर चार्ज जमा कराने के लिए सॉफ्टवेयर तैयार किया जा चुका है तथा बायलॉज के अनुसार निर्धारित दरें जिन पर यूजर चार्ज ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। नगर निगम द्वारा प्रत्येक जोन में मोहल्लों के अंदर वाहनों के माध्यम से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कराया जा रहा है। बायलॉज के अनुसार डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन यूजर चार्ज को कैटेगरी अनुसार वर्गीकृत कर शुल्क निर्धारित किया गया है और उसी अनुसार पूर्व से ही बिल जारी किए जाते रहे हैं। सभी भवन स्वामी अपना यूजर चार्ज बिल संबंधित जोन में मैनुअली जमा करते थे, परंतु लोगों की सुविधा को देखकर वर्तमान में निगम सीमांतर्गत स्थित समस्त भवनों से यूजर चार्ज की वसूली के लिए ऑनलाइन सॉफ्टवेयर जारी किया गया है, जिससे समस्त भवन स्वामी अपना यूजर चार्ज बिल की धनराशि ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा कर सकते हैं। जन-सुविधा को और बढ़ाकर पेमेंट गेटवे को सार्वजनिक बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से लिंक कराया गया है, जिससे सभी भवन स्वामी अपना यूजर चार्ज बिल की धनराशि गाजियाबाद नगर निगम सीमांतर्गत किसी भी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में जमा करा सकते हैं। नगर निगम ने भवन स्वामियों से यह भी अपील की है कि वह अपना-अपना डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन यूजर चार्ज बिल संबंधित जोनल कार्यालय में अथवा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भुगतान कर सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। यदि किसी भवन स्वामी को किसी भी प्रकार की कोई समस्या होती है तो संबंधित जोनल प्रभारी तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी से भी संपर्क कर समस्या का समाधान करा सकते हैं।
















