जनपद के नोडल अधिकारी ने दिशा-निर्देश दिए
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के सफलतापूर्वक चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में प्रस्तावित कार्यक्रमों के संबंध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में जनपद के नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियन सी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। 19 से 24 मार्च तक जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। नोएड अधिकारी ने इन कार्यक्रमों के संबंध में संपूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 19 मार्च को प्रदेश मुख्यालय पर सुबह 11 बजे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में प्रेस-वार्ता का आयोजन, चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर तैयार की गई फिल्म का अवलोकन, गीत का विमोचन, प्रदेश स्तरीय विकास पुस्तिका का विमोचन, प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की प्रेस वार्ता का पूरे प्रदेश में सजीव प्रसारण होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के समापन के तुरंत पश्चात हिंदी भवन लोहिया नगर पर प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का आयोजन, चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर तैयार की गई जनपद स्तरीय विकास पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के कुछ लाभार्थियों को योजनाओं यथा वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, ऋण/टूलकिट योजना आदि में धनराशि अथवा प्रमाण-पत्र जैसे गोल्डन कार्ड तथा दिव्यांगजनों को ट्राई साईकिल, उपकरण आदि का वितरण किया जाएगा। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया की उनके द्वारा जनपद का भ्रमण कर उक्त कार्यक्रमों के सफल आयोजन की समुचित तैयारियों की समीक्षा कर ली जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर आदि जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।















