11 माह बाद गाजियाबाद में पटरी पर दौड़ेगी लोकल ईएमयू ट्रेन

यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था पुख्ता

गाजियाबाद। कोरोना काल के कारण प्रभावित लोकल ईएमयू ट्रेनों का आज यानि सोमवार से संचालन शुरू हो जाएगा। करीब 11 माह बाद ईएमयू ट्रेनें पटरी पर दौडऩें लगेंगी। इसके मद्देनजर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। दिल्ली-एनसीआर में सफर करने वाले रेल यात्रियों को आज से बड़ी राहत मिल सकेगी। हालांकि यात्रियों को ट्रेनों में सफर के दौरान एक्सप्रेस ट्रेन का किराया देना पड़ेगा। कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन लगने से विगत 24 मार्च 2020 से ट्रेनों का संचालन ठप था। बाद में सिलसिलेवार तरीके से देशभर में ट्रेन सेवा बहाल की जा रही हैं। इन लोकल ट्रेनों में 14 पैसेंजर, 5 ईएमयू (इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट), 10 एमईएमयू (मेनलाइन इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट) और 6 डीएमयू (डीजल मल्टीपल यूनिट) ट्रेन शामिल हैं। इन ट्रेनों को एक्सप्रेस का दर्जा दिया गया है। क्योंकि वे कोरोना वायरस महामारी के बीच चलेंगी। इसका मतलब है कि यात्री अनारक्षित टिकट के साथ ट्रेनों में यात्रा कर सकेंगे, मगर उन्हें एक्सप्रेस ट्रेन की कीमत चुकानी होगी। यात्रियों को कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि ट्रेनों का परिचालन पुन: शुरू करने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। लोकल ट्रेन का संचालन शुरू होने से दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकेगी। वहीं, गाजियाबाद से अलीगढ़, बुलंदशहर, खुर्जा, हापुड़, मेरठ आदि शहरों के लिए यात्रियों को बड़ी सहूलियत होगी। गाजियाबाद-शकूरबस्ती ईएमयू और पलवल-गाजियाबाद ईएमयू ट्रेन चलेगी। लोकल ट्रेनों को एक्सप्रेस ट्रेन का दर्जा दिया गया है। इन ट्रेनों में पहले के सापेक्ष किराया बढ़ गया हैं। गाजियाबाद से 28 पैंसेंजर-ईएमयू विभिन्न शहरों के लिए संचालित होती थीं, मगर लॉकडाउन के बाद यह सभी लोकल ट्रेनें बंद हैं। रेलवे विभाग ने अभी तक लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों को संचालित कर रखा है। लोकल ट्रेनों में ज्यादातर नौकरीपेशा लोग और व्यापारी सफर करते हैं। दिल्ली से गाजियाबाद समेत अन्य शहरों में माल लाकर बेचने वाले व्यापारियों को अन्य वाहनों में ज्यादा भाड़ा देना पड़ रहा था। दिल्ली डिवीजन ने गाजियाबाद रेलवे अफसरों से लोकल ट्रेनें चलाने के लिए प्रस्ताव मांगा था। अधिकारियों ने तीन लोकल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा था। दैनिक यात्री संघ से जुड़े लोग रेल मंत्री को पत्र लिखकर लोकल ट्रेनों को चलाने की मांग कर रहे थे। दैनिक यात्रियों की इस परेशानी को देखते हुए उत्तर रेलवे ने पिछले दिनों रेलवे बोर्ड से लोकल ट्रेनें चलाने की अनुमति मांगी थीं। इन लोकल ट्रेनों को आज 22 फरवरी से गाजियाबाद से शकूरबस्ती व पलवल के लिए संचालन शुरू हो जाएगा। पलवल-गाजियाबाद के बीच ट्रेन पलवल से सुबह 6 बजे गाजियाबाद के लिए प्रस्थान करेगी। असावटी रेलवे स्टेशन पर यह 6:7 बजे और बल्लभगढ़ स्टेशन पर 6:16, न्यू टाउन स्टेशन पर 6:21, फरीदाबाद स्टेशन पर 6:26, गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर 8:20 पर पहुंचेगी। गाजियाबाद से सदर बाजार दिल्ली, पलवल, मथुरा, पुरानी दिल्ली, नई दिल्ली, अलीगढ़, पानीपत, सोनीपत के लिए ट्रेनों का संचालन होता है। लाकडाउन के बाद से सभी लोकल ट्रेनें चिपियाना में खड़ी हुई हैं। यहां इनकी देखरेख हो रही है। इन ट्रेनों का पुराना रेलवे स्टेशन पर स्टापेज होगा। इनमें बरेली-पुरानी दिल्ली पैसेंजर, पुरानी दिल्ली-बरेली पैसेंजर, शकूरबस्ती-पलवल ईएमयू, पुरानी दिल्ली-सहारनपुर एमईएमयू, सहारनपुर-पुरानी दिल्ली एमईएमयू, पुरानी दिल्ली-सहारनपुर डीएमयू, सहारनपुर-पुरानी दिल्ली डीएमयू ट्रेनें शामिल हैं। जीआरपी थाना प्रभारी अमीराम सिंह ने बताया कि आज से लोकल ट्रेनों का संचालन शुरू होने के चलते यात्रियों की सुुरक्षा व्यवस्था को लेकर जीआरपी सतर्क रहेगी। वहीं, स्टेशन से लेकर क्षेत्र में गश्त पर टीमें रहेगी।