भाजपा की ममता त्यागी बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष

-हुई अधिकारिक घोषणा, डीएम ने सौंपा प्रमाण पत्र

गाजियाबाद। आखिर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा की ममता त्यागी विधिवत रूप से मंगलवार को काबिज हो गई। भाजपा का जिला पंचायत अध्यक्ष पर दूसरी बार कब्जा होने के चलते विपक्षी दलों के लिए करारा झटका माना जा रहा है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने ममता त्यागी पत्नी बसंत त्यागी निवासी गांव नानू लोनी को नाम वापिसी के दिन जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में निर्विरोध चुने जाने पर उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। बीते 26 जून को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए ममता त्यागी का दो सेट में नामांकन दाखिल किया गया था। मंगलवार को शाम 3 बजे तक नाम वापिसी का दिन था। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल,महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा,जिले के प्रभारी सतेंद्र सिसौदिया,लोनी नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन रंजीता धामा आदि की मौजूदगी मेंं जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। भाजपा की निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं ममता त्यागी का हालांकि 26 जून को ही पंचायत अध्यक्ष बनना तय हो गया था। आधिकारिक तौर पर मंगलवार को इसकी विधिवत घोषणा जीत का प्रमाण पत्र सौंप जाने के बाद अध्यक्ष बन गई। इनके अलावा सपा-रालोद के प्रत्याशी की प्रत्याशी नसीम बेगम ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं ममता त्यागी का अब शपथ ग्रहण होने के बाद पहली बैठक होने से कार्यकाल शुरू हो जाएगा। हालांकि अब शासन स्तर से जिला पंचायत अध्यक्षों के शपथ ग्रहण की तारीख घोषित की जाएगी। उसके बाद शपथ ग्रहण होगा।