गाजियाबाद। नगर निगम के सिटी जोन को जाम से मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ दुकानों के बाहर रखा सामान भी जब्त कर लिया। सिटी जोन में जीटी रोड से रमते राम रोड, डासना गेट से मालीवाड़ा चौक तक यह अभियान चलाया गया।
नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर सिटी जोनल प्रभारी सुधीर कुमार शर्मा व गजेंद्र कुमार ने प्रवर्तन दल और पुलिस टीम के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया। जोनल प्रभारी सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि इन सड़क पर अतिक्रमण किए जाने के चलते रोजाना शिकायत की जा रही थी। व्यापारियों ने दुकानों के साथ सामान को बाहर सड़क पर रख रखा था। इससे जाम लगने के कारण नागरिकों को परेशानी होती थी। अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क पर अनियंत्रित रूप से गाड़ी खड़ी करने पर 135 कारों के मौके पर चालान काटे।
नगर निगम की टीम ने सड़क पर अतिक्रमण कर सामान रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर प्लास्टिक के 12 काउंटर, 6 तख्त, टाइल्स एवं पाइप जब्त कर लिए। मुख्य सचिव के आदेश के तहत कोतवाली प्रभारी को सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया। जोनल प्रभारी ने बताया कि व्यापारियों को चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सामान जब्त करने के बाद जुर्माना भी वसूला जाएगा। वहीं, सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी अब कोतवाली प्रभारी की होगी।
















