प्रत्याशियों ने उतारी चुनावी थकान, परिवार के साथ गुजारा समय

गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में सभी प्रत्याशियों ने शुक्रवार को जमकर थकान उतारी। इस दौरान प्रत्याशी काफी तनावमुक्त नजर आए। ज्यादातर प्रत्याशियों ने अपना समय परिवार और चुनिंदा समर्थकों के बीच गुजारा। ऐसे में मत प्रतिशत पर भी चर्चा की गई। इस दौरान भरपूर आराम करने के साथ उन्होंने परिवार और चुनिंदा समर्थकों को समय दिया। मतदान प्रक्रिया और हार-जीत के समीकरणों पर चर्च की गई। साहिबाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा ने शुक्रवार को चुनावी थकान उतारी।

उन्होंने मतदान का अगला दिन घर पर आराम कर गुजारा। सुनील शर्मा ने सुबह पूजा-अर्चना के साथ दिन की शुरूआत की। शाम को कुछ कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया। एमएलए सुनील शर्मा प्रात: करीब 7 बजे जागे और दैनिक क्रियाओं से निवृत होकर पूजा-अर्चना की। तदुपरांत उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ नाश्ता किया। दोपहर बाद उन्होंने कुछ कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान मतदान के विषय में चर्चा की गई। मुरादनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी ने घर पर रहकर चुनाव की थकान उतारी।

सुबह पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने घर पर आराम किया। दोपहर में परिवार के साथ खाना खाया। हालांकि इसके बाद का समय कार्यकर्ताओं के साथ मतदान की गुणा-भाग में बीता। साहिबाबाद सीट से कांग्रेस प्रत्याशी संगीता त्यागी का दिन सामान्य तरीके से गुजरा। उन्होंने परिवार के साथ समय गुजारने के अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भी चर्चा की। उन्होंने शुक्रवार की सुबह प्रतिदिन की तरह पूजा-पाठ कर परिवार के साथ नाश्ता किया।

इसके बाद वह वसुंधरा सेक्टर-12 में कांग्रेस कार्यालय पर पहुंचीं। वहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की गई। साहिबाबाद सीट से सपा उम्मीदवार अमरपाल शर्मा प्रतिदिन की भांति तड़के चार बजे उठे। इसके बाद वह सैर करने निकल गए। इसके बाद आस-पास के लोगों के साथ पार्क में योगा किया। घर पहुंच कर स्नान करने के बाद विधि विधान से पूजा-पाठ किया। इसके बाद परिवार से साथ समय बिताया और नाश्ता किया। दिन में घर पर कार्यकर्ताओं को कड़ी मेहनत के लिए फोन कर उनका आभार व्यक्त किया।