-जिले के 329 पुलिसकर्मियों का प्लाज्मा आम लोगों के लिए बना संजीवनी
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमित हुए आम लोगों को अब पुलिसकर्मी अपना प्लाज्मा देकर उन्हें जीवनदान देंगे। जिले के पुलिसकर्मी जनता की सुरक्षा के साथ अब लोगों का जीवन भी बचाएंगे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव ड्यूटी में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए जिले के 329 पुलिसकर्मियों का प्लाज्मा संक्रमित हुए आम लोगों को जीवनदान देगा। इसके लिए पुलिस ने पहल शुरू कर दी है। इसके तहत पुलिस ने प्लाज्मा बैंक बनाया है। प्लाज्मा बैंक के नोडल अधिकारी एवं एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि इस बैंक में पुलिसकर्मियों की पूरी जानकारी एक्सल शीट में दर्ज की जाएगी। ब्लड गु्रप के हिसाब से जिस व्यक्ति या पुलिसकर्मी को प्लाज्मा की जरूरत पड़ेगी,उसे यह प्लाज्मा नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस की इस पहल से जरूरतमंदों को लाभ मिलेगा और इस महामारी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी। एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा ने बताया कि पुलिसकर्मियों के स्वस्थ होने के एक माह बाद उनके प्लाज्मा का इस्तेमाल किया जा सकेगा। प्लाज्मा बैंक के लिए पुलिस ने एक प्रारूप तैयार किया है। इसमें संक्रमण से स्वस्थ हुए व्यक्ति का नाम,पिता का नाम,लिंग,उम्र,ब्लड ग्रुप,मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी,निवास स्थान,संबंधित थाना और कोरोना संक्रमित होने की तारीख को इसमें भरा जाएगा। उनका कहना है कि इसका डेटाबेस तैयार होने के बाद जिस ब्लड गु्रप के मरीज को प्लाज्मा की जरूरत होगी उसे उसके मुताबिक ब्लड गु्रप का प्लाज्मा नि:शुल्क सप्लाई कर दिया जाएगा।
















