निगम की गाडिय़ों का तेल खत्म, शहर से नहीं उठा कूड़ा

स्वच्छ भारत अभियान के दौरान बाधित हुआ कूड़ा उठाने का काम

गाजियाबाद। नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही से बुधवार को कूड़ा उठाने वाली गाडिय़ों को डीजल ही नहीं मिला। इस वजह से शहर में कहीं भी सुबह से शाम तक कूड़े का उठान नहीं हुआ। सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। वहीं अफसरों ने इसके लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम भी नहीं किया। नगर निगम के वर्कशॉप में छोटी गाडिय़ां कूड़ा उठाने निकली ही नहीं। इससे कूड़ा घरों से कूड़े की उठान और प्लांट को कूड़ा पहुंचाया नहीं जा सका। पूरे दिन वर्कशॉप में ही गाडिय़ां रहीं। इसके चलते कर्मचारी भी अपने घर चले गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी मिथलेश कुमार का कहना है कि पीछे से तेल न आने की वजह से बुधवार को कुछ गाडिय़ों को तेल नही मिल पाया। कविनगर और मोहननगर जोन में तेल की समस्या रही, जिस कारण बुधवार सुबह कुछ गाड़ी कूड़ा उठाने के लिए नही जा पाई। सिटी, विजयनगर, मोहनगर एवं वंसुधरा जोन में सुचारू रूप से सेवा जारी रही।