गाजियाबाद। जनपद में मतगणना प्रक्रिया की तैयारियां पूरी हो गई हैं। अनाज मंडी गोविंदपुरम में 10 मार्च को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना कराई जाएगी। कुल 192 चक्र में मतगणना पूरी होगी। निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से मतगणना कराने के लिए सभी तैयारियां हो चुकी हैं। मतगणना स्थल के भीतर और बाहर सुरक्षा प्रबंध चाक-चौबंद रहेंगे। गाजियाबाद जनपद में विधान सभा की पांचों सीट के परिणाम 10 मार्च को आ जाएंगे। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में मतगणना संबंधी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं एसएसपी पवन कुमार ने मंगलवार को संयुक्त रूप से पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने सीडीओ अस्मिता लाल,एडीएम सिटी बिपिन कुमार,उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास, सीएमओ डॉ.भवतोष शंखधर आदि मौजूदगी में कहा कि मतगणना के दौरान विजयी जुलूस पर रोक रहेगी। वहीं,192 राउंड की गणना होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने मतगणना को लेकर की गई तैयारियों के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी को मतगणना स्थल बनाया गया है। यहां पर त्रिस्तरीय सुरक्षा के घेरे में ईवीएम को रखा गया है। 10 मार्च को सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट पेपर की मतगणना शुरू की जाएगी। सुबह साढ़े आठ बजे से ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती शुरू की जाएगी। मतगणना के लिए 12 हाल बनाए गए हैं। 84 टेबल पर ईवीएम में पड़े वोटों की और 10 टेबल पर पोस्टल बैलेट पेपर से पड़े वोटों की गिनती की जाएगी।
प्रत्येक विधानसभा में पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती की ईवीएम के अंतिम दो चक्र की गिनती से पहले पूरी करनी अनिवार्य होगी। लोनी में 40, मुरादनगर में 41, साहिबाबाद में 42, गाजियाबाद सदर में 39, मोदीनगर में 30 चक्र में गिनती पूरी होगी।वहीं,मतगण ना के दिन सुबह से मतगणना समाप्त होने तक जिले में सभी शराब की दुकानें बंद रहेगी। गुरूवार को शराब की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में पोस्टल बैलेट पेपर से सात मार्च तक छह हजार से अधिक मत पड़ चुके हैं। लोनी में 644, मुरादनगर में 2,219, साहिबाबाद में 1,381, गाजियाबाद सदर में 908 और मोदीनगर में 1,264 मत पोस्टल बैलेट पेपर से पड़े हैं। 10 र्मा की सुबह आठ बजे तक पोस्टल बैलेट पेपर के जरिए जितने मत प्रशासन को प्राप्त होंगे, उनको मतगणना में शामिल किया जाएगा।जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि 10 मार्च को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना कराई जाएगी।किसी भी प्रकार के हुडदंग एवं नारेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















