अपराध व अपराधियों का बोलबाला, निरंतर मर्डर होने से सहमे जनपदवासी

अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही पुलिस

लखीमपुर-खीरी। जनपद में इन दिनों अपराध एवं अपराधियों का चारों तरफ बोल-बाला नजर आ रहा है। खीरी की कानून व्यवस्था अपराधियों के सामने बौनी साबित हो रही है। या यूं कहें कि जनपद में हत्या, लूट, चोरी आदि की घटनाओं की बाढ़ सी आई हुई है। पुलिस बेबस नजर आ रही है। बीती रात थाना फरधान क्षेत्र में डिग्री कॉलेज के चौकीदार की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की सूचना जैसे ही लोगों को मिली इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के बेटे ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी अनुसार थाना क्षेत्र के सकतापुर गांव में गिरिजा दयाल राजेंद्र बाजपेई डिग्री कॉलेज में संतराम (62) पुत्र श्रीपाल रात में चौकीदारी करता था। यह कॉलेज पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश बाजपाई का है। सोमवार की शाम को वह रोज की तरह कॉलेज ड्यूटी करने गया था। जब सुबह अपने घर नहीं पहुंचा तो घर वालों ने तलाश शुरू की। मंगलवार की सुबह कॉलेज परिसर में ही उसका शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। सिर पर चोट के निशान बने हैं। वहीं, शव के पास डंडा भी बरामद हुआ है, जो कि खून से सना हुआ है। प्रथम दृष्टयता यह प्रतीत होता है कि वृद्ध संतराम की डंडे से पीट-पीट कर हत्या की गई है।

परिजनों ने संतराम की किसी से रंजिश की बात से इनकार किया है। लगभग एक साल से कॉलेज में कौशल विकास का प्रशिक्षण चल रहा था। छात्र-छात्राएं यहां रूकते थे। खाने और रहने का इंतजाम संस्थान करता था। लेकिन कुछ दिनों प्रशिक्षण पूरा होने के कारण रात में कॉलेज में सिर्फ चौकीदार संतराम ही रहता था। मृतक के बेटे का कहना है कि रात में उसके पापा को रिश्तेदारों से फोन पर बात हुई। सुबह कॉलेज के सभी कमरे बंद मिले। केवल एक कमरा खुला था जिसमे संतराम रहता था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संजीव सरन, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, और सीओ सदर अरविंद कुमार वर्मा ने भी घटना का मौका मुआयना किया। उधर, इस संबंध में बात करने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मृतक के बेटे दीपक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का खुलासा करने के लिए टीम गठित की गई है। शीघ्र घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।