-त्योहारी सीजन: अलर्ट पर पुलिस, व्यापारियों के साथ डीएम-एसएसपी ने की बैठक
गाजियाबाद। आप शांति से दिवाली मना सकें, इसलिए पुलिस और प्रशासन की तरफ से तमाम बंदोबस्त पूरे कर दिए गए हैं। किसी तरह की हुड़दंगबाजी न हो, इसके लिए पुलिस कर्मचारी मुख्य चौराहों से लेकर संपर्क मार्गों पर तैनात रहेंगे। दीपावली पर जनपद की सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार करने के लिए कवायद तेज हो गई है। सभी बाजारों में भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित होटल व सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा को लेकर विशेष बंदोबस्त किए गए हैं। सादा वर्दी में भी पुलिस बल तैनात रहेगा, जो बाजार में आने वाले संदिग्धों पर भी नजर रखेगा। अधिकारी भी शाम से लेकर रात तक गश्त पर रहेंगे। शनिवार को घंटाघर कोतवाली में अगामी त्योहार एवं कानून व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने व्यापारियों के साथ बैठक की।
बैठक में डीएम राकेश कुमार सिंह, एसएसपी पवन कुमार ने एसपी सिटी निपुण अग्रवाल, सीओ प्रथम महीपाल सिंह की मौजूदगी में व्यापारियों व ज्वेलर्स की दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के लिए मुख्य बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था एवं पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। दुकानों में सेंट्रल लॉक, सीसीटीवी कैमरे लगवाने, डीवीआर को सुरक्षित स्थान पर रखने, आर्म्ड गॉर्ड रखने के लिए तथा दुकानों में रखे जाने वाले नौकरो के पुलिस वेरिफिकेशन कराने के लिए जागरूक किया। जिससे अपराधिक वारदातों पर अकुंश लगाया जा सकें।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को बैंक, सर्राफा बाजार और भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस की तैनाती के आदेश दिए हैं। शहर और देहात तक सभी को उनके क्षेत्र के बाजारों में लगातार गश्त करने के आदेश दिए हैं। सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने कहा दीपावली खुशियों का त्योहार है। कोई अनहोनी पूरे त्योहार को खराब कर देती है। तो सावधानी बेहद जरूरी है। बैठक में सीओ प्रथम महीपाल सिंह, कोतवाली प्रभारी अमित कुमार खारी एवं विभिन्न व्यापार मंडल के व्यापारी उपस्थित रहे।
















