शालीमार गार्डन मेन स्थित श्मशान घाट पर व्यवस्था उपलब्ध कराने से हिंडन मोक्ष स्थली पर घटेगी भीड़
गाजियाबाद। जनपद में कोरोना संक्रमण की रफ्तार रूक नहीं पाई है। कोरोना के कारण प्रतिदिन मरीजों की मौत हो रही है। इसके चलते श्मशान घाटों पर अंतिम संस्कार के लिए रोजाना काफी संख्या में शव पहुंच रहे हैं। अंतिम संस्कार के लिए पीडि़त परिजनों को कई-कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि हिंडन मोक्ष स्थली पर कई बार लोगों को अंतिम संस्कार के लिए 8 से 10 घंटे तक का इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में ट्रांस हिंडन क्षेत्र के लोगों ने शालीमार गार्डन मेन स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। ट्रांस हिंडन निवासी सोनू बजरंगी, अरविंद चौधरी, अरूण पाल सहित अन्य निवासियों ने नगरायुक्त से शालीमार गार्डन मेन स्थित श्मशान घाट पर लकड़ी सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को उपलब्ध कराने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि इस तरह के स्थानों पर शवों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था प्रशासन कर दे तो हिंडन घाट की भीड़ भी कम होगी और वहां भी लोगों को राहत मिलेगी। बता दें कि कोरोना संकट काल में सभी श्मशान घाट पर सुबह से देर शाम तक अफरा-तफरी देखने को मिल रही है। कोविड और नॉन कोविड मरीजों के शव वहां पहुंच रहे हैं। सामान्य दिनों के मुकाबले इन दिनों शवों की संख्या ज्यादा है। इसके चलते व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा तो कोरोना से एक-दो मौत की ही बात कही जा रही है लेकिन शमशान घाटों में अनगिनित संख्या में लोगों के शव पहुंच रहे हैं।
















