डीएम, मेयर और नगर आयुक्त ने लगाई झाड़ू, छठ घाट की सफाई कर दिया स्वच्छता का सदेंश

-हिण्डन छट घाट का निरीक्षण, शहर के चिन्हित 61 छठ घाटों का कार्य तेजी से शुरू

गाजियाबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। शहर में चिन्हित 61 घाटों पर निगम छठ पूजा के लिए विशेष तौर पर तैयारी कर रहा है। इनमें 38 घाट साहिबाबाद क्षेत्र में हैं। नगर निगम छठ पूजा के लिए हर संसाधन का इस्तेमाल कर रहा है। इसी क्रम में रविवार को मेयर आशा शर्मा, डीएम राकेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने हिण्डन छट घाट का निरीक्षण करते हुए छट पूजा के पर्व को लेकर तमाम व्यवस्था को जायजा लिया। छठ घाटों की सफाई को लेकर मेयर, डीएम, नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से हाथों में झाड़ू लेकर सफाई अभियान चलाया। मेयर ने नारियल फोड़कर छठ पूजा का शुभारंभ किया।

मेयर ने कहा छठ व्रतियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए निगम पूर्व से ही पूरी तरह गंभीर है और तैयारियों में जुटा है। सभी विभाग से छट घाट की स्थिति, एवं प्रकाश की व्यवस्था जानी जिसमे अधिकारियों ने अवगत कराया कि छट घाट के सौंदर्यीकरण के कार्य लगभग 80 फिसदी पूरा हो चुका है। अन्य स्थानों पर भी समय से कार्य पूर्ण कर दिए गए है। मेयर ने का पवित्र पर्व पर घाट की सफाई बहुत बड़ी सेवा है। पीएम नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत स्वस्थ्य भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि शहर में 61 स्थानों पर छट घाट के सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। जहां विशेष रूप से उसकी साज-सज्जा पर ध्यान देने के साथ घाटों पर छठ व्रतियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े उसके लिए नगर निगम द्वारा सभी इंतजामों को दुरूस्त किया जा रहा है। साथ ही लोगों को कोरोना से बचाव के लिए निगम द्वारा जागरूक करने के साथ मास्क एवं सेनेटाइज का भी इंतजाम किया गया है। छट पूजा से पूर्व सभी सुविधाएं मिलेंगी, इसी प्रकार छट घाटो के पोंड, रंगाई पुताई, प्रकाश व्यवस्था, साफ सफाई, चूना, पेडो की धुलाई, छिड़काव, जल, पानी के टैंक, चेंजिंग रूम, पंडाल, कन्ट्रोल रूम, नाव, घास, झुंड, पेड़ो की छटाई का कार्य भी कराया गया एवं एक विशेष दस्ते लगाने के भी निर्देश दिए ताकि समय से सभी सुविधाएं उपलब्ध की जा सकें। मंगलवार 9 नवंबर को खरना और 10 नवंबर को संध्या अघ्र्य,11 नवंबर को प्रात: कालीन अघ्र्य दिया जाएगा। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर छठ घाटों की तैयारी को लेकर खुद निगरानी कर रहे हैं।

अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि हरिद्वार से गंगनहर में पानी छोड़े जाने के बाद सिंचाई विभाग द्वारा आज 8 नवंबर को गंगनहर से ही 400 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। मंगलवार और बुधवार को अतिरिक्त पानी हिंडन नदी में छोडऩे की योजना है। 10 नवंबर को छठ पर्व को लेकर नगर निगम द्वारा जलकुंभी की सफाई कराई जा रही है। इससे नदी में छठ पूजा पर साफ पानी मिलेगा। सभी छठ घाटों की साफ-सफाई कराई जा रही है। छठ पूजा तक घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाएं मुहैया करा दी जाएंगी। घाट पर किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। इस दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, आरएन पांडेय,उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त शिव पूजन यादव, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, सचिदानंद राय, राकेश तिवारी, रीता सिंह, प्रियंका पांडे, मनोज, सतीश, तिलक राम पांडे, कंचन तिवारी, मनोज मुंगरी, साधु राम, विरेन्द्र मिश्रा एवं सर्व समाज उपस्थित रहे।