जनपद के दो विकास खंड का डीएम ने किया भ्रमण

-साफ-सफाई और सैनेटाइजेशन अभियान में तेजी लाने पर जोर

गाजियाबाद। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विकास खंड रजापुर एवं लोनी का भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य जनपद के नव-निर्वाचित ग्राम प्रधानों को विकास की योजनाओं के प्रति संवेदीकरण, संचारी रोग के नियंत्रण एवं उसके बचाव के प्रति जागरूकत, प्रधानों को प्रोत्साहित कर गांव में निरंतर साफ-सफाई अभियान चलाने और गांव के विकास को पारदर्शी ढंग से बिना पक्षपात शीघ्रता पूर्वक संपन्न कराना था। जिला विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने सर्वप्रथम डीएम आर.के. सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल का स्वागत किया। तदुपरांत डीएम ने ग्राम प्रधानों को निष्पक्षता से कार्य करने की प्रेरणा दी। इस क्रम में उनके द्वारा संचारी रोग से बचाव के लिए सघन साफ-सफाई, फॉगिंग, सैनिटाइजेशन और नालियों की नियमित सफाई और एंटी लार्वा के छिड़काव, स्वच्छ पेयजल हेतु पाइप पेयजल परियोजना का संचालन तथा हंैडपंप के नियमित रख-रखाव, दूषित जल वाले हैंडपंप का चिन्हिकरण, व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालय के प्रयोग हेतु प्रोत्साहन, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के निर्माण और नियमित सफाई, सोक पिट के निर्माण कर जल संचयन की गतिविधियों को बढ़ावा देने, सघन पौधरोपण कर पर्यावरण के संरक्षण की अपील की। उन्होंने पार्कों, ओपन जिम तथा खेल के मैदान के विकास और अनुरक्षण हेतु निर्देशित किया। तालाबों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण, एंटी लारवा का छिड़काव, नालियों व रास्तों की सफाई, पेयजल परियोजनाओं के सुचारू संचालन से आम जनमानस के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर अनुकूल प्रभाव पड़ेगा, जिससे शासन-प्रशासन की छवि भी उज्जवल होगी। उन्होंने पंचायत भवन को ग्राम सचिवालय के रूप में विकसित कर उनमें जन सुविधा केंद्रों की स्थापना और उसके माध्यम से जनता को शासन की सभी योजनाओं को प्राप्त करने में शीघ्रता तथा सहूलियत प्राप्त होने की मंशा प्रकट की। मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा बताए गए सभी बिंदुओं पर ग्राम प्रधान कार्य करें। उन्होंने भूमि संबंधी जानकारी के लिए वेबसाइट पर जानकारी कर ग्रामों की भूमि संबंधी समस्याओं को निपटाने के लिए जागरूक किया।कोरोना टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि एक जुलाई से 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी युवाओं के टीका करण के लिए रजिस्ट्रेशन की अनिवार्यता समाप्त हो जाएगी। ऐेसे में सभी गांवों में प्रचार-प्रसार कर लोगों को टीकाकरण कराने के लिए प्रोत्साहित करें। विकास खंड लोनी के परिसर में एनआरएलएम के एसएचजी द्वारा कैंटीन के संचालन किए जाने का उद्घाटन भी किया गया। इस मौके पर सीडीओ अस्मिता लाल,जिला विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी,जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार त्रिपाठी, उपायुक्त स्वरोजगार सुधा कुमारी, एसडीएम लोनी शुभांगी शुक्ला, खंड विकास अधिकारी लोनी अजितेश सिंहं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।