शिक्षा बढ़ाने का प्रयास, ज्ञान देना शिक्षकों का मौलिक कार्य: बृजभेषण चौधरी

शिक्षा की गुणवत्ता संवर्धन, शैक्षिक गोष्ठी का आयोजन

गाजियाबाद। प्राथमिक शिक्षक संघ मुरादनगर ने गंग नहर स्थित कृष्णा सागर होटल में शुक्रवार को शैक्षिक गोष्ठी का आयोजन किया। मुरादनगर के ब्लॉक अध्यक्ष अमित यादव ने बताया कि कोविड के कारण पिछले डेढ़ वर्ष से विद्यालय बच्चों के लिए बंद थे। 1 सितंबर से बच्चों के लिए पुन: विद्यालय खोल दिए गए हैं। बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार हेतु शिक्षकों व विभागीय अधिकारियों के साथ संघ द्वारा शैक्षिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ब्रजभूषण चौधरी रहे। इस दौरान लेखाधिकारी मनप्रीत कौर, संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी, जिला समन्वयक व खण्ड शिक्षा अधिकारी लोनी व मुरादनगर के साथ ब्लॉक के सैंकड़ों शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

बेसिक शिक्षा अधिकारी बृजभूषण चौधरी ने शिक्षकों को अधिकाधिक नामांकन कराने व बच्चों के शैक्षिक व बौद्धिक विकास के लिए नवीन तकनीकों के माध्यम से शिक्षण कार्य करने पर बल दिया तथा उन्होंने शिक्षकों द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना भी की। बैसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा शिक्षक आदर्श परिस्थितियों का इंतजार न कर जो भी परिस्थितियां हैं, उन्हीं में शिक्षा बढ़ाने का प्रयास करें। क्योंकि ज्ञान देना ही शिक्षकों का मौलिक कार्य है। गुणवत्ता सुधारना मुश्किल काम जरूर है, लेकिन असंभव नहीं है। इसलिए इसे चुनौती के रूप में स्वीकारें। इसमें सफलता अर्जित करना बड़ी उपलब्धि होगी। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी ने कहा कि शिक्षक आज अपने निजी संसाधनों का उपयोग करके ना केवल विद्यालय के भौतिक स्तर में सुधार कर रहे हैं बल्कि शिक्षा में सुधार के लिए भी नित नए नवाचारों का उपयोग कर रहे हैं। बालिका शिक्षा के समन्वयक गौरव त्यागी ने बालिकाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए उन छोटे छोटे बिंदुओं पर प्रकाश डाला। जिनके कारण बालिकायें अपनी शिक्षा बीच मे ही छोडऩे पर विवश हो जाती हैं। समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक डॉ राकेश ने दिव्यांग बच्चों को सामान्य बच्चों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शिक्षा देने के उपायों पर प्रकाश डाला ताकि ये बच्चे पूरे आत्मविश्वास के साथ सामान्य बच्चों के बीच शिक्षा प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में मंच का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष निशि शर्मा ने किया। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष अमित यादव, ब्लॉक मंत्री अजय कुमार, संयुक्त मंत्री प्रमोद सिरोही,कनक सिंह त्यागी, अमित रियाजुद्दीन अली, सजिद मलिक आदि उपस्थित रहे।