-वॉट्सऐप पर आए मैसेज के बाद पुलिस से की शिकायत
गाजियाबाद। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर 6 माह से किसानों के आंदोलन की अगुआई कर रहे भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत को एक बार मोबाइल फोन वॉट्सऐप पर गालियां देने और जान से मारने की धमकी दी गई है। इस मामले में भाकियू के कार्यकर्ता मुजफ्फरनगर कोतवाली क्षेत्र के निवासी प्रज्ज्वल त्यागी उर्फ मन्नू त्यागी ने कौशांबी थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और साइबर सेल इस मामले की जांच कर रही है।प्रज्ज्वल त्यागी ने बताया कि चार अप्रैल से 26 मई तक एक मोबाइल नंबर से चौधरी राकेश टिकैत को वॉट्सऐप पर संदेश आए हैं। उसमें उन्हें गालियां दी गई हैं। मारने की धमकी मिली है। उन्होंने गुरूवार की रात करीब 11 बजे कौशांबी थाने में इसकी शिकायत दी। चैट का प्रिंट आउट पुलिस को सौंपा। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कौशांबी थाने में पुलिस ने धमकी देने और आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सर्विलांस और साइबर सेल की टीम भी लगाई गई है। बता दें कि यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर 28 नवंबर से किसानों का धरना जारी है। धरने को 6 माह हो चुके है। किसानों के आंदोलन के चलते चौधरी राकेश टिकैत को सबसे पहले दिसंबर में फोन पर धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपित मानव मिश्रा को बिहार के भागलपुर से दबोच लिया था। दूसरी बार उन्हें अप्रैल में फिरोजाबाद के एक युवक ने धमकी दी। वह भी पकड़ा गया। तीसरी बार सप्ताह भर पहले धमकी मिली। पुलिस उसकी जांच कर रही है। एक बार फिर चौथी बार मोबाइल फोन पर गालियां और जान से मारने की धमकी दी गई है। इनमें से दो बार उन्हें वॉट्सऐप संदेश भेज कर धमकी दी गई है।व्हाट्सएप पर अभद्र भाषा में संदेश लिखा गया।
















